स्कूलों में मनाया जाएगा परीक्षा पर्व 6.0
प्रधानमंत्री की 'परीक्षा पे चर्चा' से प्रेरित होकर राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) छात्रों के साथ परीक्षा पर्व 6.0 मनाएगा। इसके लिए शिक्षा निदेशालय ने सभी सरकारी स्कूलों को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य छात्रों को परीक्षा से संबंधित तनाव से बचने के लिए सहायता करना और दबाव को कम करने के उपाय बताना है।
साथ ही, अभिभावकों और शिक्षकों के दृष्टिकोण को बदलना और परीक्षा परिणाम से पहले उनकी चिंता को दूर करना है। निदेशालय ने बताया कि आयोग बच्चों के साथ परीक्षाओं का जश्न मनाने के लिए हर साल परीक्षा पर्व मनाता है। वहीं, इस पर्व को एनसीपीसीआर के सोशल मीडिया खातों और दूरदर्शन पर लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से दिखाया जाएगा। रेडियो स्पॉट और सोशल मीडिया अभियान भी शामिल है।
ऑडियो-वीडियो के जरिये छात्र दे सकेंगे संदेश
आयोग परीक्षा पर्व 6.0 में परीक्षा संबंधी तनाव और चिंता के प्रबंधन पर छात्रों के ऑडियो-वीडियो संदेशों को बढ़ावा देती है। इसमें भाग लेने के लिए वे खुद पंजीकृत कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपना वीडियो संदेश रिकॉर्ड करने के बाद आधिकारिक वेबसाइट http://parikshaparv.in पर अपलोड करना होगा। छात्रों के चयनित ऑडियो-वीडियो संदेशों को एनसीपीसीआर की वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल पर भी डाला जाएगा।