किसी ने ईमेल कर अस्पताल को उड़ाने की दी थी धमकी,अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को खबर दी
दो घंटे की जांच के बाद कॉल को हॉक्स करार दिया गया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। शाहदरा जिले की गीता काॅलोनी स्थित चाचा नेहरू बाल चिकित्सालय (अस्पताल) को बम से उड़ाने की सूचना मिलने के बाद अफरातफरी मच गई। आनन-फानन अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को खबर दी। सूचना मिलते ही पुलिस के अलावा दमकल विभाग, बम, डॉग स्काॅवड व अन्य बचाव दल मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मरीज के तीमारदारों को अस्पताल से निकाला। बाद में अस्पताल की गहन तलाशी ली गई। करीब दो घंटे चले अभियान के बाद इसे हॉक्स करार दे दिया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन व पुलिस ने राहत की सांस ली।
शुरुआती जांच के बाद पुलिस को पता चला है कि अस्पताल के एमएस के ऑफिशियल आईडी पर किसी ने ईमेल कर अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। इस ईमेल के बाद कुल 103 सरकारी इमारतों व दूसरे दफ्तरों को भी उड़ाने के लिए ईमेल भेजा गया था। हालांकि, ज्यादातर ईमेल एड्रेस गलत डाले गए थे।
मामले की संजीदगी को देखते हुए लोकल पुलिस ने दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम को भी जांच में शामिल किया है। ईमेल कहां से और किसने भेजा, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि किसी शरारती तत्व ने जानबूझकर मेल भेजा है।
जिला के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 10.30 बजे अस्पताल के एमएस के ऑफिशियल ईमेल आईडी पर एक मेल आया। उसमें दावा किया गया कि अस्पताल परिसर में बम मौजूद है, जल्द ही अस्पताल को उड़ा दिया जाएगा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
अस्पताल में मौजूद लोगों को बाहर निकाल लिया गया। हालांकि मरीजों को बाहर निकालने की नौबत नहीं आई। करीब दो घंटे चली तलाशी के बाद बम से उड़ाने की बात को हॉक्स करार दिया गया। अब पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है।