केंद्रीय गृह मंत्रालय के आदेश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन स्माइल’ पार्ट-2 की मुहिम से सनसनीखेज खुलासा हुआ है। देशभर से बच्चों को यहां लाकर भीख मंगवाने वाला गिरोह यहां चलाया जा रहा है।
इसका मुखिया 35 से 40 वर्ष की उम्र का भीम है जो बच्चों को डरा-धमकाकर उनसे भीख मंगवाता है। ‘ऑपरेशन स्माइल’की टीम के सदस्यों ने खोड़ा से एक बच्चे को बरामद किया जिसने पुलिस को यह जानकारी दी। पुलिस अब भीम की तलाश में जुट गई है। वहीं, एक टीम को गुड़गांव बच्चे के पिता को खोजने के लिए रवाना किया गया है।
मुहिम को गौतमबुद्धनगर में चला रही क्राइम ब्रांच की टीम ने शुक्रवार को एनआईबी पुलिस चौकी के पास खोड़ा कट पर भीख मांग रहे रमेश (10, परिवर्तित नाम) को बरामद किया। पुलिस टीम ने जब उससे पूछा कि वह भीख क्यों मांग रहा है और मां-बाप कहां हैं तो वह कांस्टेबल का घुटना पकड़ कर रोने लगा।
याद नहीं कि घर कहां है, लेकिन घर में उसकी मां है
पुलिसकर्मियों ने उसे पानी पिलाया और जिप्सी की सीट पर बैठाया। रमेश ने बताया कि उसे याद नहीं कि घर कहां है, लेकिन घर में उसकी मां है। पिता गुड़गांव में है। एक दिन वह घर से बाहर निकला और रास्ता भटक गया।
पुलिस ने जून 2015 में उसे आगाहपुर सड़क से बरामद किया और आगाहपुर स्थित शिशु बाल संस्कार शेल्टर होम में पहुंचा दिया। 2 जुलाई 2015 को वह घर जाने के लिए बाहर निकल गया और खोड़ा कॉलोनी के पास पहुंच गया जहां उसे 35-40 वर्षीय व्यक्ति मिला।
उसने पहले उसे खाना खिलाया और परिवार से मिलाने का दिलासा दिया। वह शख्स कोई और नहीं, बल्कि बच्चों से भीख मंगवाने वाले गिरोह का सरगना भीम था। दो दिन तक भीम ने उसे किसी गुप्त स्थान पर रखा और खुद के बारे में बताया।
कई बच्चे हैं कब्जे में, सिर्फ ब्रेड खाने को देता है
रमेश ने पुलिस को बताया कि भीम के कब्जे में कई बच्चे हैं। जान से मारने की धमकी देकर वह भीख मंगवाता है। सुबह से शाम तक उनकी निगरानी रखता है और नोएडा के कई स्थानों से जमा की गई भीख की सारी रकम लेकर उसके बदले उन्हें रोटी, सब्जी, दाल-चावल या कभी-कभी सिर्फ ब्रेड खाने को देता है।
शाम होते ही उन्हें गाड़ी में बैठाकर एक कमरे में ले जाकर बंद कर दिया जाता है। ऑपरेशन स्माइल के नोडल ऑफिसर के मुताबिक बच्चे की आपबीती के बाद पता चला कि भीख मंगवाने वाले गिरोह का सरगना भीम बच्चों से भीख मंगवाता है।
उसे गिरफ्तार करने के लिए एक टीम लगाई गई है। गिरफ्तारी के बाद अन्य बच्चों को भी चंगुल से छुड़ा लिया जाएगा। यह गंभीर मामला है, कई बच्चों का भविष्य खतरे में है।