निजी अस्पताल में कैंसर पीड़ितों की सहायता के लिए रखे गए दानपात्र की रकम चोरी हो गई। अस्पताल प्रशासन ने सुरक्षा गार्ड पर रुपये चोरी करने की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने सुरक्षा गार्ड को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ जारी है।
सेक्टर 21 ए स्थित एशियन हॉस्पिटल प्रबंधन ने भूतल पर कैंसर पीड़ितों की चैरिटी के लिए दानपात्र लगाया है। पिछले कुछ दिनों से पात्र में आने वाला दान कम होने लगा।
अस्पताल प्रशासन को शक हुआ कि कोई दानपात्र से रकम चुरा रहा है। प्रबंधन ने इसकी जांच का जिम्मा सिक्योरिटी ऑफिसर कमलजीत को सौंपा। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर सुरक्षाकर्मी छोटू को दानपात्र से रुपये निकालते हुए पाया गया। इस पर छोटू को बुलाकर पूछताछ की गई। उसने दानपात्र से रुपये निकालने का गुनाह स्वीकार कर लिया।
कमलजीत के मुताबिक छोटू ने दानपात्र से कई बार रुपये निकाले हैं, अभी तक वह कितनी रकम निकाल चुका है इसका अनुमान लगाया जा रहा है। उन्होंने मंगलवार को एनआईटी थाने में छोटू के खिलाफ हॉस्पिटल से कैश चुराने की रिपोर्ट दर्ज कराई और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। जांच अधिकारी पीएसआई दर्पण सिंह ने बताया कि छोटू से पूछताछ की जा रही है।