मालवा एक्सप्रेस का सामान कोच खुला होने के कारण गाड़ी को जगह-जगह रोक कर चलाना पड़ा जिससे ट्रेन लेट होती गई और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
आखिर में पलवल से आरपीएफ स्टाप को मथुरा तक उसकी सुरक्षा के लिए भेजा गया। मामला शनिवार की रात का है। जम्मूतवी से इंदौर जाने वाली 12920 मालवा एक्सप्रेस शनिवार की रात 8:03 बजे दिल्ली की ओर से ओल्ड रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-तीन पर पहुंची।
जहां रेल कर्मचारियों को पता चला कि ट्रेन की सामान कोच का गेट ढीला होने के कारण अटक गया है। इस घटना की जानकारी मिलने पर आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंच गए।
गेट को ठीक करने का प्रयास किया लेकिन यात्री उतरकर ट्रेन को चलाने के लिए शोर-शराबा करने लगे। ओल्ड स्टेशन पर करीब 17 मिनट तक ट्रेन खड़ी रही।
यात्रियों के विरोध को देखते हुए गेट को ठीक किए बगैर ट्रेन बल्लभगढ़ के लिए रवाना कर दी गई। यहां भी गाड़ी को चार मिनट तक रोके रखा गया लेकिन यहां भी गेट बंद नहीं हो पाया।
बल्लभगढ़ ने इसकी सूचना पलवल को दी। पलवल आरपीएफ को मथुरा तक गाड़ी को लेकर जाना पड़ा। ट्रेन लेट होने के चलते यात्रियों को परेशानी हुई।