हरौला के बाजार में बिकती नोट की माला...
- फोटो : अमर उजाला
शादियों की शहनाई के बीच फिर से नोटों की कालाबाजारी का शोर सुनाई देने लगा है। सीजन शुरू होते ही बैंकों से नए नोटों की गड्डियां गायब हो गई हैं। गड्डियां नोटों की माला, पूजा सामग्री व फूल बेचने वालों की दुकानों तक पहुंच रही हैं। दुकानदार एक रुपये का नोट 14 रुपये में बेच रहे हैं। जिन घरों में शादी-विवाह हो रहे हैं, उन्हें मजबूरी में अधिक कीमत देकर नए नोट खरीदने पड़ रहे हैं।
अमर उजाला संवाददाता ने बृहस्पतिवार को नोटों की कालाबाजारी का सच जानने के लिए ग्राहक बनकर इन दुकानदारों से बात की तो पता चला कि नोटों को उनकी कीमत से कई गुना अधिक महंगा बेचा जा रहा है। सेक्टर-5 हरौला स्थित बाजार में लाइन से पूजा सामग्री व नोटों की माला की दुकान है। इन दुकानदारों के पास सभी नोट उपलब्ध हो जाएंगे। बस जब गड्डी चाहिए हो तब दो घंटे पहले इसकी जानकारी देनी होगी। संवाददाता ने एक दुकानदार से जब एक रुपये की गड्डी मांगी तो दुकानदार ने 1400 रुपये की मांग की।
बैंकों में नहीं तो कैसे पहुंच रहे दुकानदारों तक
रिजर्व बैंक आफ इंडिया की गाइड लाइन के अनुसार नोट को उतनी ही कीमत में चलाया जा सकता है, जितनी उस पर अंकित है। बैंक नए नोट सिर्फ उन्हीं लोगों को देते हैं, जिनके खाते उनके पास होते हैं। खाताधारकों को भी नए नोट नसीब नहीं हो रहे हैं। ऐसे में जब बैंकों में नए नोट मौजूद नहीं हैं तो फिर माला बनाने वालों के पास कैसे पहुंच रहे हैं।
अधिकारियों ने झाड़ा पल्ला
इस मामले में जब सिटी मजिस्ट्रेट विवेकानंद मिश्रा से बात की गई तो उन्होंने इसे अपने अधिकारिक क्षेत्र से बाहर का मामला बताया।एलडीएम इंदु जायवास से बात की गई तो उन्होने बताया कि यह उनके आधिकारिक क्षेत्र में भी नहीं आता है।
यह हैं 100 नोटों की गड्डी के रेट
- एक रुपये 1400
- दो रुपये 2200
- पांच रुपये 1700
- 10 रुपये 1500
- 20 रुपये 2250
- 50 रुपये 5250