दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर रेयान स्कूल के सामने टोल बूथ पर डिवाइडर लगाकर एनएचएआई ने एक रोड बंद कर रखा है। नोएडा से ऑल्टो कार में हापुड़ जा रहे खैराद मैकेनिक अलाउद्दीन (45) पुत्र शहाबुद्दीन निवासी ग्राम रसूलपुर हापुड़ की कार टोल बूथ के डिवाइडर में टकरा गई। इस दौरान कार चालक अलाउद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डासना में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने घायल को मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंचे अलाउद्दीन के रिश्तेदार मोहम्मद दानिश ने बताया कि उनके जीजा अलाउद्दीन (45) नोएडा में खैराद मैकेनिक का कार्य करते थे। रविवार रात साढ़े 10 बजे नोएडा से अपने घर ग्राम रसूलपुर हापुड़ आ रहे थे। इनके दो बेटी और दो बेटे हैं।
सहायक पुलिस आयुक्त मसूरी लिपी नगायच ने बताया कि पुलिस को रविवार रात 10:30 बजे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर एक कार डिवाइडर से टकरा गई। इस दौरान कार चालक के घायल होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी डासना में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उन्हे मृत घोषित कर दिया। परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।