राजधानी दिल्ली समेत पूरे देश में कोरोना का ओमिक्रॉन वैरिएंट तेजी से अपने पांव पसार रहा है। रविवार को जहां राजधानी में ओमिक्रॉन का एक भी मामला सामने नहीं आया, वहीं सोमवार को एक साथ चार मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही दिल्ली में ओमिक्रॉन संक्रमितों की कुल संख्या 26 हो गई है। बताया जा रहा है कि यह चारों मरीज दिल्ली के निजी अस्पताल मैक्स में भर्ती हैं।
हालांकि चिंताजनक खबरों के बीच राहत की बात ये है कि कुल 26 मरीजों में से 12 ठीक होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं। वहीं 14 का इलाज अभी जारी है।
रविवार को महाराष्ट्र में छह, गुजरात में आए ओमिक्रॉन के चार नए संक्रमित
महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन वायरस संक्रमण के छह और गुजरात में चार नए मामले मिले हैं। इसी के साथ देश में संक्रमितों की कुल संख्या 153 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नए छह मरीजों में से दो तंजानिया से लौटे हैं। दो मरीज इंग्लैंड और एक मध्य पूर्व से लौटा है। ये पांचों कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज ले चुके हैं। इनमें दो महिलाएं हैं। एक अन्य मरीज पुणे जिले के जुन्नार का पांच साल का बच्चा है।
उधर, अहमदाबाद में ब्रिटेन से 15 दिसंबर को लौटे 45 वर्षीय एनआरआई और उनके 15 वर्षीय बेटे के ओमिक्रॉन से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इनके अलावा, हाल ही में दुबई की यात्रा कर लौटी सूरत की महिला कारोबारी और तंजानिया के 23 वर्षीय नागरिक में कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट का संक्रमण पाया गया है। एजेंसी