फरीदाबाद में लघु सचिवालय स्थित जिला उपायुक्त कार्यालय के बाहर गोली मारकर आत्महत्या करने वाले बुजुर्ग के आरोपियों की गिरफ्तारी व कार्रवाई न होने पर लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।
लगता है कि पुलिस को इस मामले में भी सड़क जाम व हंगामे का इंतजार है, जैसा की कुछ दिनों पहले एनआइटी-5 के व्यापारी की हत्या के बाद हुआ था।
इस रोष के साथ गांव बड़ौली के निवासी व मृतक के परिजन शुक्रवार को सेक्टर-21सी स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने रोष व्यक्त करते हुए पुलिस आयुक्त एएस चावला से आरोपियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान लोगों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या पुलिस की नींद हंगामे के बाद ही खुलेगी। यदि बुजुर्ग वेद प्रकाश आत्महत्या के मामले में तुरंत कार्रवाई नहीं हुई तो लोग इस तरह का कदम उठाने के लिए मजबूर होंगे।
इस मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। सभी विभाग अपने-अपने अधिकारियों को बचाने में जुटे हुए हैं। आरोपी एसएचओ को निलंबित तक नहीं किया गया है।
ज्ञात हो कि 15 सितंबर की दोपहर को गांव बड़ौली निवासी वेद प्रकाश चंदीला उर्फ वेदी(59) ने खुद को गाली मार ली थी। मृतक के परिजनों ने सिंचाई विभाग के एसडीओ शिव कुमार डागर, पीडब्लूडी के जेई राम प्रकाश और सेंट्रल थाना एसएचओ मुकेश कुमार द्वारा प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था।