दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सोमवार सुबह कई जगह वाहन आपस में भिड़ गए। जिससे महाशिवरात्रि के मौके पर हाईवे पर करीब डेढ़ घंटे तक जाम लगा रहा।
ट्रैफिक पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात बहाल कराया। वहीं मानेसर घाटी में तेल से भरा टैंकर पलट गया जिससे जाम लगने के साथ ही 6 लोग घायल हो गए।
सोमवार सुबह बाबा न्यारमसाध मंदिर के पास एनएच-8 पर बने फ्लाईओवर पर सरसों के तेल से भरा टैंकर पलट गया। जिससे तेल सड़क पर बिखर गया। सरसों के तेल को लोग बर्तनों में भरकर ले जाते नजर आए।
टैंकर के पलटने से हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जोकि सहरावन मोड व सुनारिया होटल तक पहुंच गया। टैंकर का तेल मानेसर घाटी के नीचे बने शनि व शिव मंदिर तक पहुंचने से महाशिवरात्रि पर शिव मंदिर में पूजा करने श्रद्धालु फिसलकर गिर पड़े।
एक के बाद एक तीन बाइकें फिसल गईं। जिससे 6 लोग घायल हो गया। मानेसर घाटी के अलावा सोमवार को ही मानेसर बस स्टैंड, आईएमटी चौक, पचगांव केएमपी चौक व बिलासपुर चौक के पास कई वाहन आपस में टकरा गए।