उपराज्यपाल अनिल बैजल के मुताबिक, मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान कहा है कि दिल्ली सरकार के अधिकारियों समेत सभी सरकारी संस्थानों के खुलने और बंद होने का समय एक ही रहता है। इससे सड़कों पर जाम लगता है। ऐसे में दिल्ली सरकार ऑफिस के खुलने और बंद होने के समय में बदलाव की संभावना पर भी काम करे।
इस पर मुख्यमंत्री का कहना है कि उपराज्यपाल ने सम-विषम योजना में सहयोग का भरोसा दिया है। साथ ही सलाह दी है कि सरकारी दफ्तरों के खुलने और बंद होने के समय में भी बदलाव किया जाए। दिल्ली सरकार निश्चित तौर पर इसे लागू करेगी।
दो लाख कर्मी हैं दिल्ली सरकार के अधीन
दिल्ली सरकार के अधीन करीब दो लाख अधिकारी और कर्मचारी काम करते हैं। दफ्तर खुलने और बंद होने का समय नौ से छह बजे के बीच है। एक ही समय में दफ्तर खुलने और बंद होने से अचानक सड़कों पर वाहनों पर संख्या बढ़ जाती है।
इससे कई बार जाम के हालात बन जाते हैं। इससे बचने के लिए दफ्तरों के समय में बदलाव की संभावना पर दिल्ली सरकार काम करने जा रही है।