दिल्ली बोले दिल से, ऑड ईवन फिर से ... इस नारे के साथ दिल्ली में आज से सम-विषम फॉर्मूला फेज टू लागू हो गया है। शुक्रवार को 15 तारीख होने के कारण सिर्फ उन्हीं वाहनों को सड़क पर उतरने की इजाजत है, जिनका आखिरी नंबर विषम है।
हालांकि, इस दौरान भी कई इलाकों में लोग ईवन नंबर की गाड़ी चलाते हुए पकड़े गए। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए इनका चालान भी काटा। गाजीपुर मंडी के पास पुलिस ने ईवन नंबर की गाड़ी चला रहे दो कार चालकों के चालान काटे।
इससे पहले आज सुबह मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर दिल्ली के लोगों से अपील करते हुए कहा कि आइए हम सब मिलजुल कर इस अभियान को सफल बनाएं।
बता दें कि 30 अप्रैल तक 16 दिन सुबह आठ से रात आठ बजे तक यह व्यवस्था लागू रहेगी। दूसरे राज्यों से आने वाले वाहनों पर भी यही व्यवस्था लागू है। रविवार को दिन भर छूट रहेगी।
इसे नहीं मानने वालों को 2000 रुपये का चालान भरना पड़ेगा। इसके लिए दिल्ली भर में कुल 205 प्वाइंट पर मोबाइल चेकिंग टीम और वालंटियर तैनात रहेंगे।
सम विषम फॉर्मूले में इस बार भी छूट का प्रावधान किया गया है।
वीआईपी, इमरजेंसी व्हीकल, सीएनजी और बैट्री चालित वाहनों समेत 28 कैटेगरी में छूट दी गई है। दल्ली के मुख्यमंत्री और मंत्रियों को छूट से बाहर रखा गया है।
परिवहन मंत्री गोपाल राय ने बताया कि सरकार ने पूरी तैयारी कर ली है। लोगों को दिक्कत ना हो इसके लिए 680 पर्यावरण बस सेवा चलाई गई है। एनसीआर के लिए स्पेशल रूट तैयार किए गए हैं। 16 स्पेशल रूट पर शटल सेवा के अलावा मेट्रो ट्रिप बढ़ा दिए गए हैं।
साथ ही मेट्रो फीडर भी अतिरिक्त रूट पर चल रही हैं। गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली वाले एक बार इसे सफल बना चुके हैं। इसलिए उम्मीद है कि इस बार भी यह कामयाब रहेगा। इस दौरान दिल्ली भर में प्रदूषण के स्तर की निगरानी की जाएगी।
Odd even starts today. Lets all join hands and resolve to make it a success.— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) April 15, 2016