राजधानी के निजी स्कूलों की नर्सरी दाखिला प्रक्रिया पर सुप्रीम कोर्ट की रोक से अब अभिभावक हताश होने लगे हैं। कोर्ट की रोक हटने का इंतजार लंबा होता जा रहा है।
अभिभावकों की परेशानी यह है कि उन्हें यह नहीं पता कि दाखिला शुरू होगा तो कब। सुप्रीम कोर्ट में अब 28 अप्रैल को मामले की सुनवाई होनी है, जिसके कारण अब अभिभावक चाह रहे हैं कि यह रोक जल्द हट जाए।
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने 11 अप्रैल को दाखिले पर रोक लगा दी थी। उसके बाद लगातार अभिभावक परेशान हैं, खासकर जिनके बच्चों के दाखिले हो चुके हैं, वे संशय में हैं कि उनका दाखिला पक्का है या नहीं।
नर्सरी दाखिले से जुड़ी वेबसाइट और फोरम पर अभिभावक लगातार अपनी परेशानी जाहिर कर रहे हैं। अभिभावकों को लग रहा है कि मई से गर्मियों की छुट्टी हे जाएगी, ऐसे में दाखिले कब होंगे। अभिभावकों का सवाल यह भी है कि क्या अब जुलाई से ही नया सत्र शुरू होगा।
बताया जा रहा है कि इस मामले पर शिक्षा निदेशालय भी कानूनी सलाह ले सकता है। वहीं स्कूलों को भी समझ नहीं आ रहा है कि आखिर किस तरह से नर्सरी दाखिले की प्रक्रिया जल्द से जल्द संपन्न हो। वहीं जैसे ही कोर्ट से दाखिले पर राहत मिलेगी निदेशालय इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी कर देगा, जिससे कि अभिभावकों व स्कूलों को सही जानकारी मिल सके।