कासना कोतवाली क्षेत्र के गामा-वन निवासी एक एनआरआई महिला ने एसएसपी के समक्ष शिकायत की है कि बैंक मैनेजर ने कर्मचारियों के साथ मिलकर उसके अकाउंट से सात लाख रुपये निकाल लिए।
पुलिस ने बताया कि गामा-वन निवासी उदय कुमार अपनी पत्नी राधा के साथ नाईजीरिया में रहते हैं। कुछ दिन पहले ही वे राधा को ग्रेटर नोएडा छोड़ गए और खुद विदेश चले गए। उदय वहां एक निजी कंपनी में मैनेजर हैं। किसी काम के लिए उदय ने अपनी पत्नी के अकाउंट में आठ लाख रुपये डाले थे जिसमें से राधा ने करीब 70 हजार रुपये निकाल लिए थे।
आरोप है कि एक सप्ताह पहले राधा ने बैंक अकाउंट चेक किया तो उसमें मात्र 30 हजार रुपये थे और सात लाख रुपये निकाले जा चुके थे। पीड़िता ने जब मैनेजर से इस मामले की जांच कराने की बात कही तो वे टाल गए।
अब पीड़िता ने बैंक मैनेजर समेत अन्य कर्मचारियों पर आरोप लगाया है कि उनकी मिलीभगत से सात लाख रुपये निकाले गए हैं। एसएसपी ने कासना पुलिस को मामला दर्ज करने के निर्देश दिया है।