जिले के सरकारी स्कूलों में अब अध्यापकों के बाद छात्र भी बायोमीट्रिक हाजिरी लगाते नजर आएंगे। शिक्षा विभाग छात्रों के लिए भी बायोमीट्रिक हाजिरी सिस्टम शुरू करने जा रहा है।
यह व्यवस्था नए सत्र से लागू होगी। साथ ही एक से लेकर 12वीं कक्षा तक के सभी छात्रों का डाटा भी ऑनलाइन किया जाएगा।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक सरकारी स्कूलों के सभी छात्रों का आधार कार्ड विभाग की बेवसाइट पर अपलोड होने के बाद नए सत्र में अप्रैल से यह प्रक्रिया शुरू होगी।
इस व्यवस्था को शुरू करने के पीछे का कारण स्कूलों में विद्यार्थियों की गिरती उपस्थिति और फर्जी एडमिशनों को रोकने की कवायद के रूप मेें देखा जा रहा है।
अभी सभी छात्रों के आधार कार्ड को अपलोड करने का काम चल रहा है, जो इस माह तक पूरा होने की संभावना है। छात्रों के ऑनलाइन हाजिरी के लिए छात्रों के आधार नंबर को बायोमीट्रिक सिस्टम से लिंक किया जाएगा।
शुरुआती चरण में यह प्रक्रिया सैकेंड्री और सीनियर सैकेंड्री स्कूलों में लागू की जाएगी। शिक्षा विभाग का तर्क है कि ऑनलाइन हाजिरी प्रक्रिया शुरू करने पर स्कूलों में फर्जी दाखिले पर रोक लगेगी।
साथ ही स्कूलों मेें विद्यार्थियों की कम हो रही उपस्थिति के स्तर को इससे सुधारा जाएगा। नए सत्र से छात्रों की हाजिरी बायोमीट्रिक सिस्टम से लगेंगी। सभी स्कूलों में इंटरनेट की व्यवस्था की जा रही है। शुरूआती चरण में यह प्रक्रिया सैकेंड्री और सीनियर सैकेंड्री स्कूल में रहेगी। -रामकुमार फलसवाल, जिला शिक्षा अधिकारी, फरीदाबाद