राजधानी की लाइफ-लाइन दिल्ली मेट्रो में होने वाली परेशानियों की शिकायत दर्ज करवाने को अब मेट्रो छोड़ कर बाहर नहीं जाना होगा। मंगलवार से प्लेटफार्म या ट्रेन के अंदर ही मेट्रो पुलिसकर्मी शिकायत लेने हाजिर होने लगेंगे।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन की पहली मेट्रो चौकी राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर मंगलवार से काम शुरू कर देगी। महिला यात्रियों को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मी खासतौर पर सेवाएं देंगी।
चौकी तक शिकायत पहुंचाने के लिए हेल्पलाइन की सुविधा भी शुरू की जा रही है, जिसका कंट्रोल रूम राजीव चौक पर होगा।
मेट्रो स्टेशन के भीतर बनेगी पुलिस चौकी
डीएमआरसी और मेट्रो पुलिस मिलकर मेट्रो स्टेशन के अंदर चौकी बनाने जा रहे हैं, ताकि यात्री किसी भी समय अपनी शिकायत दर्ज करवा सकें।
प्रारंभिक योजना राजधानी की सीमा के भीतर आने वाले मुख्य स्टेशनों के प्लेटफार्म पर हैं। दिल्ली मेट्रो की राजधानी में ब्लू, येलो, रेड, वायलेट, ग्रीन, आरेंज की कुल आठ लाइन चलती हैं, जिसमें प्रतिदिन लगभग 27 लाख यात्री सफर करते हैं। इन्हीं 8 लाइन में कुल 17 मेट्रो स्टेशन के अंदर चौकियां बनाई जाएंगी।
इंटरचेंज के मेट्रो स्टेशन राजीव चौक, कश्मीरी गेट, इंद्रलोक, यमुना बैंक, केंद्रीय सचिवालय, कीर्ति नगर, अशोक पार्क, नई दिल्ली व द्वारका सेक्टर 21 है। इसके अलावा मंडी हाउस, दिल्ली विश्वविद्यालय, साकेत, आईएनए, करोल बाग आदि भी शामिल हैं।
एक हफ्ते में शुरू होगी हेल्पलाइन
राजीव चौक इंटरचेंज मेट्रो स्टेशन में प्रतिदिन 15 से 20 शिकायत पुलिस तक पहुंचती है। इन शिकायतों में जेब काटना, छेड़छाड़, धक्का, चोरी या भीड़ में कहासुनी होना शामिल है।
रेलवे पुलिस के डीसीपी संजय भाटिया ने बताया कि अभी यात्री को मेट्रो में सफर करते हुए कोई परेशानी होती है तो शिकायत देने के लिए मेट्रो छोड़कर पुलिस थाने तक जाना होता है।
स्टेशन से बाहर पुलिस थाना होने पर अक्सर यात्री समय की कमी के चलते शिकायत दर्ज करवाने में आनाकानी करते थे। हेल्पलाइन शुरू होने पर मेट्रो के अंदर स्वयं पुलिसकर्मी शिकायत लेने पहुंचेंगे। हेल्पलाइन के नंबर सप्ताह भर के भीतर मेट्रो के अंदर डिसप्ले होने लगेंगे।