फरीदाबाद में आगामी 1 जून को बल्लभगढ़ में होने वाले मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया है।
अब यह कार्यक्रम 22 जून को होगा। मुख्यमंत्री उसी दिन वाईएमसीए से बल्लभगढ़ मेट्रो का शिलान्यास करेंगे। इस बात की जानकारी जिला लोकसंपर्क कार्यालय की ओर से जारी एक ई-मेल में दी गई है। जिसमें बताया गया है कि कई बड़ी योजनाओं का काम अधूरा रहने के कारण मुख्यमंत्री का कार्यक्रम स्थगित किया गया है।
अधूरे बचे कार्यों को दो सप्ताह में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बताया गया है कि इसी दिन सीएम जेनएनएनयूआरएम के तहत करीब 500 करोड़ की लागत से तैयार की गई पेयजल परियोजना का भी उद्घाटन करेंगे।
इसी दिन सेक्टर 3 में 4 करोड़ की लागत से बनाए जाने वाले सीनियर सेकेंडरी स्कूल व 2 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जाने वाले वरिष्ठ नागरिक क्लब की आधारशिला भी रखी जाएगी। बल्लभगढ़ शहर के मुख्य द्वार पर जयपुर की तर्ज पर बनाए गए दो विशाल मुख्य द्वारों की शुरुआत भी जाएगी।
सड़क निर्माण में गड़बड़ी का आरोप
पृथला विधानसभा क्षेत्र से बसपा प्रत्याशी रहे टेकचंद शर्मा ने गांव साहुपुरा व सुनपेड़ के पास बनी सड़क के निर्माण कार्य में अनियमितता बरतने का आरोप लगाया है।
उन्होंने सरकार से इसकी जांच करवाने की मांग की है। शर्मा सोमवार को गांव सीकरी स्थित अपने कार्यालय पर प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों द्वारा लंबी लड़ाई लड़ने के बाद चंदावली-फतेहपुर बिल्लौच सड़क का निर्माण कार्य कराया गया किन्तु दो माह बीतने के बाद ही हालत खराब हो गई है।
उन्होंने कहा कि फतेहपुर बिल्लौच में एम्स की यूनिट स्थापित करवाने के लिए पांच करोड़ रुपये खर्च किए गए, लेकिन इस यूनिट को अब तक शुरू नहीं किया जा सका है।