आगरा। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के दुर्गा नगर में सोमवार शाम एक युवक पर फायरिंग की गई। पीड़ित का आरोप है कि पड़ोसी युवक ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर रास्ते में रोककर उस पर तमंचे से फायरिंग की। मगर फायर मिस हो गया। पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच में जुटी है।
दुर्गा नगर निवासी आकाश सिंह परिहार ने बताया कि वह सोमवार शाम खराद वर्कशॉप से नगला बिहारी स्थित अपने वर्कशॉप जा रहा था। इसी दौरान पड़ोसी युवक तीन अज्ञात साथियों के साथ आ गया और रास्ता रोककर नाम पूछने के बाद तमंचा निकाल लिया। वो कुछ करता उससे पहले ही फायर कर दिया। गोली नहीं चली तो उसने दूसरा कारतूस लोड कर दोबारा फायर किया, लेकिन वह भी मिस हो गया। इसके बाद उसने भागकर जान बचाई। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपी तमंचा हाथ में लेकर भागता हुआ नजर आ रहा है। थाना प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र दुबे ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। तमंचा लेकर भागते हुए युवक की तलाश की जा रही है। फिलहाल फायरिंग का आरोप गलत लग रहा है। मामले की जांच जारी है।