मोदीनगर। कार में अगवा कर खेत में ले जाकर युवक की पिटाई करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंगों ने कई राउंड फायरिंग भी की। पीड़ित रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए मोदीनगर निवाड़ी थाने के चक्कर लगा रहा है।
मोदीनगर की सौदा रोड कॉलोनी निवासी दानिश बुधवार शाम करीब साढ़े साते बजे अपने घर के बाहर खड़ा था। इसी बीच कार सवार दो युवक आए और दावत देने की बात कहकर उसे अपने साथ ले गए। आरोप है कि युवक दानिश को मोदीनगर निवाड़ी मार्ग पर एक कॉलेज के सामने एक खेत में ले गए और दानिश की पिटाई कर दी। इतना ही नहीं उसे नग्न कर दिया गया। दो घंटे से अधिक समय तक युवक दानिश को पीटते रहे। किसी तरह दानिश बंधक मुक्त होकर नग्न अवस्था में निवाड़ी रोड पुलिस चौकी पर पहुंचा और आपबीती सुनाई। पुलिस ने उसे निवाड़ी थाना क्षेत्र का मामला बताकर टरका दिया। इसके बाद वह निवाड़ी थाने पहुंचा, लेकिन वहां पर उसे मोदीनगर थाना क्षेत्र का मामला बताकर भगा दिया गया। एसीपी का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।