गाजियाबाद। नंदग्राम के ई-ब्लॉक में जीडीए के ट्रिपल स्टोरी फ्लैट में एमसीए के छात्र वतन राणा (25) का शव उसके कमरे में पंखे से बंधे कंबल से लटका मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल में शराब की बोतल और तीन गिलास फ्लैट से बरामद किए हैं। परिजनों ने वतन राणा की महिला मित्र और उसके दो साथियों पर हत्या का आरोप लगाकर तहरीर दी है।
एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय ने बताया कि जीडीए के ट्रिपल स्टोरी फ्लैट्स में वतन राणा का शव उनके कमरे में अर्धनग्न अवस्था में फंदे से लटका मिला है। जांच पड़ताल में सामने आया कि उनके पिता राकेश राणा और मां विमलेश राणा अपने पैतृक कस्बा गुलावठी जनपद बुलंदशहर शादी में शामिल होने गए थे। इस दौरान वतन राणा घर पर अकेला था। आसपास के लोगों ने बताया कि इसी दौरान उसकी महिला मित्र जो बीबीए की छात्रा है फ्लैट में आई और कुछ देर बाद ही चली गई। करीब एक घंटे बाद दो युवतियां दो अन्य दोस्तों के साथ फ्लैट पर आ गईं। इसके बाद लोगों ने घर में तेज साउंड में गाने की आवाज सुनी। रात को युवती और उसके दो दोस्त फ्लैट से चले गए।
देर शाम दो अन्य दोस्त फ्लैट पर आए तो वतन राणा का शव कंबल से लटका मिला। उन्होंने नोएडा स्थित कंपनी में एचआर की जॉब करने वाली वतन राणा की बहन राशि राणा को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव नीचे उतारकर मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा। फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की। मौके से एक शराब की खाली बोतल और गिलास बरामद हुई है।
मृतक वतन राणा की बहन राशि राणा ने बताया कि वह मूलरूप से बुलंदशहर के कस्बा गुलावठी के रहने वाले हैं। करीब 15 वर्ष पूर्व वह नंदग्राम में आकर रहने लगे। उन्होंने फ्लैट के बराबर में हाल फिलहाल में एक मकान खरीदा है। उसका पूजन भी वतन राणा ने कराया है। बताया कि भाई की हत्या उसकी महिला मित्र और उसके दो साथियों ने की है। आरोप लगाया कि शव पर चोट के निशान थे और शव अर्द्धनग्न हालत में था।
-कमरे की कुंडी लगी होने पर सवाल-
राशि राणा का आरोप है कि फ्लैट में शराब पार्टी करने वाले युवती के साथ चले गए, लेकिन उनका बैग वहीं छूट गया। पार्टी करने वाले युवकों ने बैग लेने के लिए दो अन्य युवकों को फ्लैट पर भेजा, जहां उन्होंने फ्लैट खुला देखा और वतन राणा के कमरे की बाहर से कुंडी लगी देखी। उन्होंने कुंडी खोलकर देखा तो वतन राणा का शव फंदे से लटका था। जिसके बाद उन्होंने परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
-वर्जन-
युवक का शव फंदे से लटका मिला है। परिजनों ने एक युवती और दो दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। शव मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। -उपासना पांडेय, एसीपी नंदग्राम