- दूसरे सहयोगी से बातचीत करने पर की थी मारपीट, आपत्तिजनक संदेश भी भेजे
- विभागीय जांच शुरू, बर्खास्तगी के लिए शासन को भेजी संस्तुति
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। महिला अधिकारी से अभद्रता और मारपीट के आरोप में यमुना प्राधिकरण (यीडा) के प्रबंधक परियोजना वर्क सर्किल-6 कार्तिकेय जायसवाल को निलंबित कर दिया गया है। आरोप है कि पीड़िता के दूसरे सहयोगी के साथ बातचीत करने पर निलंबित प्रबंधक ने मारपीट की थी। इसके साथ ही धमकी भरे लहजे में चरित्र पर सवाल उठाने वाले आपत्तिजनक संदेश भेजे थे। निलंबन की कार्रवाई होने के बाद कार्तिकेय के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू हो गई है। सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने कहा कि कार्तिकेय की बर्खास्तगी को लेकर शासन में संस्तुति भेजी गई है।
यीडा कार्यालय में तैनात पीड़िता महिला प्रबंधक परियोजना ने 18 अप्रैल को हुई घटना की शिकायत आंतरिक परिवाद समिति के अध्यक्ष से की थी। पीड़िता ने बताया कि 18 अप्रैल को वह वर्क सर्किल के प्रबंधक से बातचीत कर रही थी, तभी कार्तिकेय जायसवाल वहां पर पहुंचे और उनके साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान पीड़िता के चेहरे और सिर पर चोट लगी से लहूलुहान हो गई। जांच में पांच सदस्य समिति ने आरोपी प्रबंधक को दोषी पाया। उन्होंने खिलाफ मुख्य कार्यकारी अधिकारी को इसकी रिपोर्ट सौंपी। सीईओ की रिपोर्ट पर शासन ने आरोपी प्रबंधक कार्तिकेय जायसवाल को निलंबित कर दिया है।
आरोप है कि कार्रवाई के बाद भी कार्तिकेय ने पीड़िता को बहाली के बाद सबक सिखाने की धमकी दी है। जांच रिपोर्ट के अनुसार आरोपी कार्तिकेय जायसवाल ने बहस होने की बात स्वीकार की थी। उसने अपने बयान में कहा था कि पीड़िता के साथ व्यक्तिगत बातचीत में उनकी बहस हुई थी। हालांकि प्रबंधक ने महिला पर हाथ उठाया और दुर्व्यवहार से इन्कार किया था।