एक्सपो मार्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा 50 देशों के मेहमान व प्रतिनिधि शिरकत करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी कई दिन से सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटे हैं। एसीपीजी ने भी कार्यक्रम स्थल के आसपास डेरा डाल लिया है। कई बार बम निरोधक दस्ता कार्यक्रम स्थल व आसपास निरीक्षण कर चुका है। रविवार को मुख्यमत्री योगी आदित्यनाथ के पहुंचने से पहले एडीजी प्रशांत कुमार ने पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मार्टमें बैठक की और सुरक्षा को लेकर अधिकारी-कर्मचारियों को निर्धारित समय से पहले पहुंचने के निर्देश दिए। इसके बाद अधिकारियों ने पूरे मार्ट की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मंच के आसपास के स्थान को एसपीजी ने अपने घेरे में ले लिया है। इसके बाद पुलिस व पैरामिलिट्री के जवानों की तैनाती की जाएगी। एडीजी एसपीजी आलोक कुमार, मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह, पुलिस आयुक्त आलोक सिंह, संयुक्त पुलिस आयुक्त लव कुमार, डीएम सुहास एलवाइ, डीसीपी हरीश चंदर, डीसीपी अभिषेक वर्मा, राम बदन सिंह आदि अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। वहीं, अधीनस्थों को दिशा निर्देश दे रहे हैं।
मेहमानों के लिए बुक हुए होटल, सघन चेकिंग
आयोजन में शिरकत करने के लिए लगभग 1500 देसी-विदेशी मेहमान ग्रेनो पहुंचेंगे। इनके लिए कई होटल बुक किए गए हैं। कुछ मेहमान ग्रेनो में पहुंचना शुरू हो गए हैं। इनमें अधिकांश मेहमान शहर के होटलों में रुकेंगे। इसके चलते शहर के होटलों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया है। होटलों में तैनात कर्मचरियों की जांच पड़ताल की गई है। होटल के रजिस्टर आदि की जांच पड़ताल की गई। होटल के आसपास व शहर के सार्वजनिक स्थल, मॉल आदि भी चेकिंग की गई है।
मार्ग पर जगह-जगह तैनात रहेंगे सुरक्षाकर्मी
विदेशी मेहमानों के आने जाने के दौरान सुरक्षा या यातायात संबंधी कोई परेशानी न हो। इसके लिए एक्सपो मार्ट के आसपास के अलावा शहर के प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। ड्यूटी बदलने पर दूसरे पुलिसकर्मी तैनात कर दिए जाएंगे।