नगर परिषद में बुधवार को हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों को संबोधित करते पदाधिकारी।
- फोटो : Mewat
नूंह। राज्यव्यापी आंदोलन के तहत नूंह नगर परिषद के कर्मचारी बुधवार को लगातार दूसरे दिन भी भूख हड़ताल पर बैठे रहे। इस कारण शहर के साथ-साथ नगर परिषद कार्यालय में भी सफाई व्यवस्था चौपट रही। नगर परिषद के कर्मचारियों को जिला प्रधान पूर्णचंद पंवार और नगर परिषद के इकाई प्रधान सुभाष डलसुस, सचिव सुभाष संगेलिया ने जूस पिलाकर भूख हड़ताल समाप्त करवाई। अब कर्मचारी 23 और 24 मई को दो दिवसीय पैन डाउन टूल डाउन हड़ताल करेंगे। यदि 23 मई तक सरकार ने मांगों का समाधान नहीं किया तो नगर पालिका कर्मचारी संघ 24 मई को अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा करेगी।
इस दौरान सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला सचिव योगराज शर्मा, बिजली निगम के नेता प्रकाश, चंद्रपाल, सन्नी, नल्हड़ मेडिकल कालेज के नेता राजवीर, विजय कुमार ने सरकार पर कर्मचारियों की मांगों का ठोस समाधान के नाम पर ढोंग करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार लोकतांत्रिक कार्य प्रणाली को कुचलने, जन अधिकारों का हनन करने पर तुली हुई है। सरकार को कर्मचारी एवं दलित विरोधी भी बताया। नरेश कुमार शास्त्री ने कहा कि सरकार हरियाणा कौशल रोजगार निगम के नाम पर केवल वर्षों से लगे पार्ट वन, पार्ट टू के कर्मचारियों से पक्का होने का अधिकार छीनना चाहती है। जबकि ठेकेदारों का शोषण का शिकार हो रहे वर्क आउटसोर्सिंग, ओएंडएम, डोर टू डोर के कर्मचारियों का ठेका जारी रहेगा। सरकार का यह निर्णय विवादस्पद, हास्यपद होने के साथ न्याय संगत नहीं है। सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार सीवर सफाई का कार्य मैनुअल नहीं करवाया जा सकता है, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बाद भी प्रदेश में सरकारी विभागों, प्राइवेट लघु एवं भारी उद्योगों, सोसाइटियों, प्राइवेट कॉलोनियों में सीवर सेफ्टी टैंक, सीवर सफाई का कार्य बिना सेफ्टी उपकरणों के मैनुअल तौर पर करवाया जा रहा है, जिसके परिणाम स्वरूप आए दिन नौजवान मौत की आगोश में समा रहे हैं। हरियाणा सरकार मूक दर्शक बनकर तमाशा देख रही है। शास्त्री ने कहा कि दर्जनों मौतों के बाद भी हरियाणा सरकार दोषियों को सजा तक नहीं दिलवा पाई है। उन्होंने सरकार के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को न्याय एवं सरकार की नीतियों का लाभ देने के नारे को झूठा बताया। उन्होंने कहा कि कर्मचारी विरोधी एवं अन्याय पूर्ण फैसलों के खिलाफ नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा आंदोलन जारी रखेेगा। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने कर्मचारियों की लंबित मांगों को गंभीरता से नहीं लिया तो 23-24 मई को दो दिवसीय टूल डाउन, पेन डाउन हड़ताल को काम काम छोड़ अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदल दिया जाएगा। इस मौके पर नरेश, सुनील, पवन, हरी, सुभाष प्रधान और रुस्तम खान आदि मौजूद रहे।