नोएडा। सेक्टर-46 और 99 के बीच सीधी 45 मीटर सड़क बनाने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने काम शुरू करवा दिया है। इस सड़क के बीच में कई वर्षों से सेक्टर-100 वोडा महादेव मंदिर के पास मौजूद अतिक्रमण को प्राधिकरण ने शुक्रवार को तोड़ा था। कई कच्ची-पक्की दुकानें व नर्सरी के लिए किया गया निर्माण ध्वस्त किया गया है। अब यहां सड़क के लिए जगह समतल करने के लिए मिट्टी निकाली जानी है। मिट्टी निकालने का काम दूसरे दिन शनिवार को जारी रहा।
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि यहां 45 मीटर चौड़ी सड़क बनेगी। यहां पर करीब 65 मीटर की सड़क जमीन न मिलने के चलते अधूरी पड़ी हुई थी। सड़क का निर्माण न हो जाने तक प्राधिकरण जगह को खाली नहीं छोड़ेगा। न ही काम बंद करवाएगा। अगले 15 दिन में यहां सड़क बन जाने की उम्मीद है। अभह सेक्टर-49 के चौराहे से जाने वाला और सेक्टर-48 व 46 का ट्रैफिक वोडा महादेव मंदिर के पास से बाएं मुड़कर प्रतीक एडिफिस सोसाइटी के सामने सेक्टर-100 ट्रैफिक सिग्नल और आगे फिर हाजीपुर चौराहा ट्रैफिक सिग्नल होकर निकल रहा है। अब यह सड़क बन जाने से वाहन सीधे सेक्टर-46-100 के बीच से सेक्टर-99 के लिए निकल सकेंगे। ब्यूरो