ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट के हल्दौनी गांव में दंपती के ड्यूटी जाने के बाद एक महिला घर से लाखों के नकदी-सामान, जरूरी दस्तावेज और बच्चों के नए कोर्स की किताबें चुरा ले गई। वारदात के वक्त घर में दंपती के 3 बच्चे मौजूद थे। आरोपी ने बड़ी बच्ची को ठंडा पानी लाने के लिए पड़ोस में भेज दिया था। आरोपी महिला ने घर से डेबिट कार्ड चुुराकर उसके लिफाफे पर लिखे पिन का इस्तेमाल कर 25,000 रुपये निकाल लिए, हालांकि इस दौरान आरोपी सीसीटीवी में कैद हो गई। इसके अलावा 13000 रुपये का ऑनलाइन मोबाइल खरीदा। पुलिस मामला दर्जकर फुटेज के आधार पर आरोपी को तलाश रही है।
मूलरूप से सीतामढ़ी (बिहार) निवासी सिकंदर सिंह ने बताया कि वह हल्दौनी गांव में जयवीर भाटी के मकान में किराये पर रहता है। सिकंदर और पत्नी नोएडा फेज-2 स्थित कपड़े बनाने वाली कंपनी में नौकरी करते हैं। 6 अप्रैल को दंपती ड्यूटी पर गए थे जबकि तीनों बच्चों घर पर ही थे। इसी दौरान दोपहर में एक महिला आई और बच्चों से पीने के लिए पानी मांगा। बच्चों ने घर में रखा पानी दिया तो आरोपी महिला बोली कि यह गर्म है, पड़ोस में किसी के घर से फ्रिज का ठंडा पानी लेकर आओ। इस पर दंपती की बड़ी बेटी पड़ोस में पानी लेने चली गई। तभी आरोपी महिला ने घर से सोने का मंगलसूत्र, ढोलना, लॉकेट, 44 तोले चांदी की तीन जोड़ी पाजेब, अन्य आभूषण और पर्स में रखे 93 हजार रुपये, जरूरी कागजात, दो पासबुक, आधार कार्ड, डेबिट कार्ड, बच्चों के कोर्स की नई किताब आदि चोरी कर लिए। इकोटेक-3 थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मामले में पीड़ित ने शुरू में चौकी पुलिस को सूचना दी थी। थाने पर मामला आने के बाद केस दर्ज कर महिला दरोगा समेत टीम गठित कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी महिला की पहचान व गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
ड्यूटी पर जाएं लेकिन रखें ख्याल
- बच्चों को समझाएं कि अंजान को घर में न घुसने दें
- फिर कोई घर में दाखिल हो तो बच्चों से कहकर जाएं कि कॉल करें
- घर में बच्चे नहीं तो ताला इस तरह लगाएं कि बाहर से न दिखे।
- बेहतर क्वालिटी के सीसीटीवी जरूर लगवाएं
- भरोसेमंद पड़ोसियों से निगरानी के लिए अपील करें।