महमूदाबाद। सिधौली मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल में पथरी के इलाज के बाद एक महिला मरीज की मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव को अस्पताल के सामने रखकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर किसी तरह उन्हें शांत कराया।
हरबसपुर निवासी माया देवी को पित्त की थैली में पथरी की समस्या थी। परिजनों ने शुक्रवार को उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। ऑपरेशन के बाद माया देवी की मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
अस्पताल के गेट पर शव रखकर नारेबाजी शुरू कर दी। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में गलत इलाज दिया गया। कोतवाली पुलिस और सीएचसी की टीम भी पहुंच गई। सीएचसी अधीक्षक डॉ. आशीष वर्मा ने बताया कि अस्पताल में भर्ती चार मरीजों को सीएचसी में शिफ्ट कर ताला लगा दिया गया है। जांच हो रही है।