सीतापुर। पंचायत मतदाता सूची का पुनरीक्षण चल रहा है। बीएलओ घर-घर जाकर गणना कार्ड भर रहे हैं। बीएलओ एप के माध्यम से भी 17 हजार लोग चिह्नित किए गए हैं। इनके नाम मतदाता सूची में दर्ज होने हैं। इन्हें मतदाता सूची में दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। संबंधित एसडीएम इसकी सूची जिला निर्वाचन कार्यालय को भेजेंगे।
जिले के 19 ब्लॉकों की 1588 ग्राम पंचायतों की मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया जा रहा है। बीएलओ घर-घर जाकर सर्वे कर गणना कार्ड भर रहे हैं। इसके साथ ही बीएलओ एप के माध्यम से भी पुनरीक्षण का कार्य किया जा रहा है। एप के माध्यम से बीएलओ की और से 17 हजार से अधिक नए नाम मतदाता सूची में अंकित करने के लिए चिह्नित किए गए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार इनके नाम मतदाता सूची में दर्ज किए जाएंगे। एलिया ब्लॉक में 3360 और हरगांव ब्लॉक में 3110 नए मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। इसी तरह अन्य ब्लॉकों से नए मतदाता को बीएलओ एप के माध्यम से सूची में दर्ज करने की कार्यवाही की जा रही है।
29 सितंबर तक चलेगा सर्वे
पंचायत मतदाता सूची में जिनके नाम अंकित नहीं हैं या दर्ज प्रविष्टियों में किसी प्रकार की त्रुटि है, तो वह अपने मतदान केंद्र के बीएलओ से संपर्क करें। यदि किसी मतदाता का नाम सूची से हटाया जाना है, तो भी बीएलओ को बताएं। 29 सितंबर तक बीएलओ को घर-घर जाकर सर्वे करने और गणना कार्ड भरने का समय दिया गया है।
बीएलओ इधर दें ध्यान
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत वीएल भार्गव ने बताया कि जिन बीएलओ की ओर से सर्वे कर गणना कार्ड पर परिवर्धन, संशोधन और अपमार्जन की सूची तैयार की गई है, उन्हें संबंधित कार्य बीएलओ एप पर नहीं करना है। ऐसा करने से मतदाता सूची में एक ही प्रविष्टि दो जगह अंकित हो जाएगी। इससे अनंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन पर शिकायतों की संख्या बढ़ेगी।