रूप नगर में साथी के साथ मिलकर चुराए थे 10 लाख के जेवर व दो लाख रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
रूप नगर में दो बदमाशों ने एक महिला के घर से 10 लाख रुपये के जेवर और दो लाख रुपये चुरा लिए। मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की और विक्की उर्फ चिड़िया को 24 घंटे में ही दबोच लिया, लेकिन दूसरा बदमाश मौज-मस्ती करने हरिद्वार चला गया। बुधवार को दिल्ली लौटते ही पुलिस ने दीपक उर्फ एफपीआई (29) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से 50 हजार रुपये व चार लाख के जेवर बरामद किए हैं।
उत्तरी जिला के पुलिस उपायुक्त मनोज कुमार मीना ने बताया कि 30 अगस्त को रूप नगर में वी गुप्ता के घर में बदमाशों ने दिनदहाड़े चोरी कर ली थी। जांच के बाद पुलिस ने वारदात के 24 घंटे बाद ही विक्की को गिरफ्तार कर 53 हजार रुपये, छह लाख के जेवर, मोबाइल व अन्य सामान बरामद कर लिया था। पूछताछ में आरोपी ने दीपक का नाम बताया, लेकिन आरोपी घर से गायब मिला। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी दीपक मौज-मस्ती करने हरिद्वार और पहाड़ों पर चला गया है। एक टीम को उसके पीछे भेजा गया। बुधवार को आरोपी के दिल्ली पहुंचते ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।