रेस्तरां के अंदर मारपीट करते आरोपी।
- फोटो : Grnoida
दनकौर। कस्बे के व्यापार मंडल अध्यक्ष के रेस्तरां में बृहस्पतिवार रात पांच आरोपियों ने कर्मचारियों से मारपीट और तोड़फोड़ की। मारपीट में रेस्तरां कर्मचारी घायल हो गए। कर्मचारियों के मुताबिक आरोपियों ने कैश काउंटर लूट का विरोध करने पर हमला किया था। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। शुक्रवार को कोतवाली पहुंचे व्यापारियों ने पुलिस को शिकायत देकर मामले में जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।
कस्बा निवासी महेंद्र शर्मा व्यापार मंडल के अध्यक्ष हैं। टीन के बाजार में उनका रेस्तरां है। आरोप है कि बृहस्पतिवार रात करीब 8 बजे पांच युवक रेस्तरां में खाना खाने के बहाने आए थे। आरोपियों ने अंदर घुसते ही कैश काउंटर को लूटने का प्रयास किया। इस दौरान वहां मौजूद एक कर्मचारी ने विरोध किया। जिसके बाद आरोपियों ने मिलकर कर्मचारी पर डंडे और लात-घूसों से हमला कर दिया। उसकी मदद के लिए पहुंचे अन्य कर्मचारियों संग भी आरोपियों ने मारपीट की। आरोपियों ने रेस्तरां में जमकर तोड़फोड़ की। साथ ही कर्मचारियों से मारपीट कर घायल कर दिया।
पुलिस के आने की भनक मिलते ही आरोपी मौके पर अपनी एक बाइक को छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है। पूरी वारदात रेस्तरां में लगे सीसीटीवी में भी कैद हो गई है। वारदात का सीटीटीवी फुटेज वायरल हो गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए शुक्रवार को रेस्तरां मालिक ने व्यापार मंडल के व्यापारियों के साथ कोतवाली पहुंचकर प्रभारी से गुहार लगाई है। व्यापार मंडल के लोगों का कहना है कि कस्बे में पिछले करीब 1 महीने से व्यापारियों के साथ लगातार वारदात हो रही है। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।
चोरी के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार
दनकौर (संवाद)। कस्बे से करीब डेढ़ माह पहले हुूई चोरी में फरार एक चोर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक ऊंची दनकौर निवासी बृजेश ने 7 दिसंबर को कस्बा निवासी एक व्यक्ति के मकान से हजारों रुपये की चोरी की थी। पीड़ित ने आरोपी बृजेश समेत 3 लोगों को नामजद करते हुए कोतवाली में केस दर्ज कराया था। वारदात के 2 दिन बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि तीसरा आरोपी बृजेश फरार था। बृहस्पतिवार को पुलिस ने यमुना एक्सप्रेसवे सर्विस रोड से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का सामान बरामद कर लिया है।