तावडू। सोशल मीडिया पर एक महिला खिलाड़ी के अश्लील फोटो वायरल करने व अभद्र टिप्पणी करने के मामले में इस्तगासा के आधार पर पुलिस ने 26 नामजद लोगों के खिलाफ आईटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पीड़ित महिला खिलाड़ी निवासी गांव पढैनी सदर थाना तावडू ने कोर्ट में दायर इस्तगासा में बताया कि आरोपियों ने अपनी-अपनी फेसबुक आईडी पर उसे ट्रोल कर उसके बारे में गंदी-गंदी गालियां सोशल मीडिया पर लिखी है तथा समाज में उसे बेइज्जत किया गया। उसके फोटो को एडिट करके अश्लील फोटो बनाकर उसे भी सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। जब उसने आरोपियों से इस तरह की हरकतें नहीं करने का आग्रह किया तो उसे भद्दी-भद्दी गालियां दी गई तथा उसके खिलाफ शर्मनाक कमेंट किए गए। जिनसे उनका समाज में निकलना भी दुश्वार हो गया है। घटना की लिखित शिकायत गत 18 अप्रैल को पीड़िता ने सदर थाने तावडू व गत 22 अप्रैल को एसपी नूंह को देकर कार्रवाई की मांग की गई, लेकिन पुलिस की और से कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिसके बाद पीड़ित महिला खिलाड़ी ने परेशान व मजबूर होकर एसीजेएम नूंह की अदालत में एक इस्तगासा दायर कर कार्रवाई की मांग की। कोर्ट के आदेश पर सदर थाना तावडू पुलिस ने 26 आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
इनके खिलाफ हुआ केस दर्ज
शौकत अली, अलीम खान, जाबिद, आरिफ, परवेज आलम, इमरान खान, रबिन इंजीनियर, नासिर खान, एमडी अजहर, जकरिया सहीद, अजहर मेवाती, लूकमान, इंजीनियर समीर, बरकत अली, नदीम खान मेवाती, तारिफ खान, कैफ, वसीम खान मेवाती, नफसर उर्फ मुकीम, आसिफ खान मेवाती, जैद खान मेव, वसीम खान सहाब, मुल्ला दानिश मेवाती, मुनाहिद इंजीनियर जलालपुरया, मुल्ला माहौलीया व राहुल खान के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है।