ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के एक मॉल के कैफे में रोक के बावजूद शराब और हुक्का पार्टी करने का वीडियो वायरल हुआ है। मामले में ट्विटर पर पुलिस से शिकायत की गई। इसके बाद यूपी पुलिस के ट्विटर हैंडल से नोएडा पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इधर, डीसीपी ग्रेटर नोएडा ने नॉलेज पार्क थाना पुलिस को जांच का आदेश दिया, लेकिन नॉलेज पार्क थाना प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि वीडियो पुराना है और शिकायतकर्ता ने ट्वीट किया गया वीडियो डिलीट कर दिया। हालांकि, जब शिकायतकर्ता से बात की गई तो उसने दावा किया कि वीडियो 8 जून का है और दबाव के कारण उसने ट्वीट डिलीट किया है। वायरल वीडियो में रंगीन लाइट के साथ संगीत पर युवतियां थिरकती दिख रही हैं। साथ ही, युवक शराब पीते और हुक्के से धुआं निकालते दिख रहे हैं।
ट्वीट हटाने के लिए दबाव बनाने का आरोप
ट्वीट करने वाले शख्स से संपर्क किया गया तो उसने बताया कि कई लोग फोन कर वीडियो डिलीट करने के लिए दबाव बना रहे थे। ये लोग राजनीतिक पार्टी से जुड़े थे। परेशान होकर ट्वीट डिलीट करना पड़ा। वहीं, थाना प्रभारी वीडियो के पुराने होने का दावा कर रहे हैं। लेकिन युवक ने स्क्रीन सेवर के जरिये अपनी मोबाइल की गैलरी का शॉट भेजकर दावा किया कि वीडियो 8 जून का है।