नूंह। देश में बढ़ते कोरोना के मामलों ने फिर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ऐसे में खतरे को टालने के लिए केेंद्र सरकार की तरफ से तीन जनवरी से 15-18 साल के बच्चों के लिए टीकाकरण अभियान की शुरुआत की जाएगी। इसके लिए जिला स्वास्थ्य विभाग ने नल्हड़ मेडिकल कॉलेज और जिला नागरिक अस्पताल सहित सभी सामुदायिक, प्राथमिक स्वास्थ्य के 23 केंद्रों पर टीकाकरण के लिए तैयारियां पूरी कर ली है। जिले में करीब 1.5 लाख किशोरों का टीकाकरण किया जाएगा।
जिला टीकाकरण अधिकारी बसंत दुबे ने बताया कि जिले में सोमवार से किशोरों का टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए किशोरों को जिले के 23 केंद्रों पर टीकाकरण का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कोरोना से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जहां एक ओर 18 से अधिक उम्र के सभी लोगों के 100 प्रतिशत टीकाकरण की तैयारी की जा रही है तो वहीं दूसरी ओर किशोरों के टीकाकरण के लिए भी स्वास्थ्य कर्मी पूरी तरह से तैयार हैं।
केंद्रों पर 20-20 लोगों को बुलाया जाएगा
जिले में कोरोना टीकाकरण के लिए अब सामाजिक दूरी के नियमों के पालना के लिए भी स्वास्थ्य विभाग गंभीरता से कार्य कर रहा है। इसे ध्यान में रखते हुए टीकाकरण केंद्रों पर प्रारंभ में 20-20 किशोरों को बुलाया जाएगा। कोराना से निपटने के लिए यह फैसला लिया गया है।
घर-घर जाकर भी लगाई जाएगी वैक्सीन
सरकार द्वारा स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश घोषित करने के बाद 23 केंद्रों पर टीकाकरण होगा। साथ ही विभाग की टीम गांवों में घर-घर जाकर किशोरों का टीकाकरण करेगी। विभाग का मकसद अभियान के तहत हर किसी को टीकाकरण का लाभ देना है।
सुबह 9 से 5 बजे तक होगा टीकाकरण
जिले के सभी टीकाकरण केंद्रों पर सुबह 9 बजे से टीकाकरण प्रारंभ हो जाएगा। इसलिए सभी किशोर समय पर अपना टीकाकरण कराना सुनिश्चित करें। शाम 5 बजे तक टीकाकण केंद्र पर रहकर स्वास्थ्य विभाग की टीम टीकाकरण करेगी, ताकि अधिक से अधिक किशोरों का टीकाकरण किया जा सके।
जिले में मिला एक और संक्रमित
नूंह जिले में रविवार को कोरोना का एक नया मामला तावडू के ढिढारा गांव से सामने आया है। अब जिले में कोरोना के कुल 7 एक्टिव मरीज हैं। बीते 4 दिन से जिले में लगातार कोरोना संक्रमण के नए केस सामने आ रहे हैं। 3 महीने बाद चार दिनों से लगातार जिले में कोरोना संक्रमित मिलने पर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट हो गया है। संक्रमित लोगों के संपर्क में आने वाले लोगों की भी जांच की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग प्रतिदिन औसतन 180 लोगों की कोरोना जांच कर रहा है। 3554 लोगों की रिपोर्ट आनी शेष है।