नोएडा। दिल्ली-एनसीआर में कारों की बैट्री और सीएनजी सिलिंडर चुराने वाले गिरोह के तीन बदमाशों को एक्सप्रेसवे थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी अपनी अर्टिगा में सवार होकर महज दस मिनट में कारों की डिक्की खोलकर सीएनजी का सिलिंडर चुरा लेते थे।
एक्सप्रेसवे थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि कई दिन से कारों की बैट्री और सीएनजी सिलिंडर चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस ने बृहस्पतिवार को चेकिंग के दौरान तीनों आरोपियों को बाजिदपुर पुस्ता के पास से गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो बदमाश फरार हो गए। आरोपियों की पहचान गेझा निवासी अभिषेक, मूलरूप से बिहार के गोपालगंज निवासी दीपक कुमार और शाहजहांपुर के गांव मझला निवासी आनंद के रूप में हुई। तीनों गेझा गांव में रह रहे थे। आरोपियों के कब्जे से चोरी के 13 सीएनजी सिलिंडर, 4 घरेलू सिलिंडर, 4 बैट्रियां, 3 लोहे के जाल और घटना में इस्तेमाल अर्टिगा बरामद की गई है।
आरोपी अर्टिगा में ही चोरी में इस्तेमाल होने वाले सामान को लेकर चलते थे। नकली चाबियों और पेचकस व प्लास से गाड़ियों के बोनट व डिक्की खोलकर बैट्री व सिलिंडर चुरा लेते थे। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एक्सप्रेसवे और सेक्टर-49 थाने में पहले भी कई मामले दर्ज हैं।
खड़ी गाड़ियों की रेकी करते थे
गिरोह के पांच बदमाश दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में रेकी कर खड़ी गाड़ियों से बैट्री और सिलिंडर चुराते थे। गिरोह के दो अन्य साथी विक्की और कालू के सेक्टर-93 स्थित गेझा के एक खंडहर में छुपे होने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन दोनों फरार हो चुके थे।
पांच हजार में बेचते थे सिलिंडर
पेट्रोल महंगा होने पर वाहनों में सीएनजी की मांग काफी बढ़ गई है। नई सीएनजी किट लगवाने की लागत 50 हजार से ज्यादा आती है। पुलिस ने बताया कि आरोपी चार से पांच हजार रुपये में चोरी के सिलिंडर बेचते थे। कार बाजारों से ऑर्डर मिलने पर भी सीएनजी के सिलिंडर मुहैया कराते थे।