ग्रेटर नोएडा। जिले के एक सर्वे लेखपाल पर रिश्वत लेने के आरोप का मामला सामने आया है। दलेलगढ़ के एक व्यक्ति ने इसकी शिकायत जिलाधिकारी से की है। साथ ही, इसका ऑडियो भी वायरल हुआ है। शिकायत पर जिलाधिकारी ने सहायक अभिलेख अधिकारी को जांच सौंपी है। जांच के बाद लेखपाल पर कार्रवाई होगी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि उनकी भूमि का एक केस सहायक अभिलेेख अधिकारी गौतमबुद्ध नगर के न्यायालय में लंबित है। यहां के सर्वे लेखपाल उनके पास लगातार फोन कर 20 लाख रुपये रिश्वत मांग रहे हैं। रिश्वत केस जीतने की एवज में मांगी जा रही है। धमकी दी है कि अगर पैसे नहीं दिए तो कोई कार्य नहीं होने दिया जाएगा।
लेखपाल से बातचीत की ऑडियो भी जिलाधिकारी को सौंपी गई है। इसमें एक व्यक्ति 5-6 लाख रुपये लेकर आने की बात कह रहा है। अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ. नितिन मदान का कहना है कि सहायक अभिलेख अधिकारी इसकी जांच कर रहे हैं। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।