फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किशोरी से दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाकर हंगामा

विज्ञापन
विज्ञापन
नोएडा। सेक्टर-107 स्थित लोटस बुलेवर्ड सोसाइटी में 19 मार्च को आठवीं मंजिल से संदिग्ध हालात में गिरकर किशोरी की मौत के मामले में बुलंदशहर निवासी परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाकर शनिवार को सोसाइटी में जमकर हंगामा किया। इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सेक्टर-108 पुलिस कमिश्नर कार्यालय जाने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया। ऐसे में परिजन व ग्रामीण सेक्टर-82 बिजलीघर तिराहे पर ही धरना देकर बैठ गए। काफी देर तक चली नारेबाजी के बाद पुलिस के आश्वासन पर परिजन लौट गए।
विज्ञापन

बुलंदशहर से शनिवार को परिजन दर्जनों ग्रामीणों के साथ टाटा-407 में सवार होकर सोसाइटी पहुंचे और आरोपी अधिवक्ता व परिजनों की गिरफ्तारी के लिए हंगामा करने लगे। पीड़ितों के कहने पर पुलिस ने अधिवक्ता व परिजनों से वार्ता भी कराई। इसके बाद बुलंदशहर के लिए भेज दिया, लेकिन वह रास्ते से मुड़कर कमिश्नर कार्यालय पर प्रदर्शन के लिए जाने लगे। इसकी जानकारी मिलते ही एडीसीपी रणविजय सिंह, एसीपी अंकिता शर्मा, एसीपी अब्दुल कादिर समेत फेज-दो, सेक्टर-24, सेक्टर-39 समेत कई थानों की फोर्स सेक्टर-82 पहुंच गई। यहां पर उन्हें रोका तो आज समाज पार्टी व सामाजिक कार्यकर्ता पूनम पंडित समेत सभी लोग सड़क किनारे बैठकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर नारेबाजी करने लगे। करीब दो घंटे तक हंगामे के बाद मामला शांत हुआ। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक ऑडियो पीड़ित परिवार का वायरल हुआ है। इसमें परिजनों ने किशोरी के मानसिक रूप से तनाव में रहने की बात मानी है।
एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि किशोरी की संदिग्ध हालात में फ्लैट से गिरकर मौत हुई थी। इसकी जांच महिला पुलिस अधिकारी कर रही हैं। जांच में तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। किशोरी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई। उसने एक बार पहले भी आत्महत्या का प्रयास किया था।
विज्ञापन

यह था मामला : बुलंदशहर निवासी किशोरी आरोपी अधिवक्ता के यहां घरेलू सहायिका थी। किशोरी की 19 मार्च की रात को आठवीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी। परिजनों का आरोप था कि दुष्कर्म के बाद उसे नीचे फेंका गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर अधिवक्ता व पत्नी समेत अन्य के खिलाफ हत्या और दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज कर एसीपी अंकिता शर्मा जांच कर रही हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें