ग्रेटर नोएडा/लखनऊ। ग्रेनो के सेक्टर इकोटेक-10 में लुलु ग्रुप 20 एकड़ में प्रोसेसिंग फूड पार्क बनाएगा। बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण ने 500 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले प्रदेश के सबसे बड़े फूड पार्क के लिए कंपनी के सीएमडी यूसुफ अली को कब्जा पत्र सौंप दिया।
यूसुफ अली ने मुख्यमंत्री को भरोसा दिलाया कि पार्क आठ माह में बनकर तैयार हो जाएगा और 15 अगस्त से यहां फूड प्रोसेसिंग व पैकेजिंग का काम शुरू कर दिया जाएगा। हम किसानों को बेहतर कमाई कराने के लिए प्रदेश के किसानों से सीधे खरीद करेंगे। वहीं, खास बात यह कि लुलु ग्रुप ने ग्रेटर नोएडा में देश का सबसे बड़ा मॉल बनाने की भी हामी भर दी है और एक सप्ताह में जमीन भी देखने की बात कही है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्क बनने से युवाओं और किसानों को फायदा होगा। 700 युवाओं को प्रत्यक्ष और 1000 को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। किसानों को उनकी उपज के अच्छे दाम मिलेंगे। फूड पार्क से फलों एवं सब्जियों को अत्याधुनिक तकनीक से प्रोसेस करके पैकेजिंग कर निर्यात किया जाएगा। पार्क 20 हजार मीट्रिक टन स्टोरेज की क्षमता का होगा। इसमें दूध, कृषि एवं रेडी टू ईट वाले पैकिंग फूड उत्पाद को सुरक्षित किया जा सकेगा। यहां से अधिकतर उत्पाद मध्य एशियाई देशों में निर्यात किए जाएंगे।
वहीं, प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण ने कहा कि लुलु फूड पार्क से स्थानीय कृषि उपज को बढ़ावा मिलेगा। ग्रुप को 20 एकड़ जमीन दी गई है। ग्रुप के ज्यादातर देशों में शॉपिंग मॉल हैं और यहां से फूड प्रोसेसिंग व पैकेजिंग के बाद निर्यात होगा। इससे किसानों को अच्छा दाम मिलेगा और सीधे मार्केटिंग होगी। प्राधिकरण ने 18 महीने का समय दिया है, लेकिन लुलु ग्रुप 15 अगस्त से प्रोसेसिंग और पैकेजिंग का काम शुरू कर देगा। अगस्त-21 में प्राधिकरण ने ग्रुप को जमीन का आवंटन किया था।
देश का सबसे बड़ा मॉल मॉल बनाने की तैयारी
प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण ने बताया कि ग्रुप को ग्रेनो में मॉल बनाने का प्रस्ताव दिया गया तो उन्होंने प्रस्ताव को हाथों-हाथ लिया और ग्रेटर नोएडा में देश का सबसे बड़ा मॉल बनाने की हामी भर दी। ग्रुप की ओर से अगले सप्ताह जमीन देखने के लिए आने का वादा किया गया है। सीईओ का कहना है कि ग्रुप को जमीन दिखाने की तैयारी कर ली गई है और कोशिश होगी कि यहां देश का सबसे बड़ा मॉल बने, ताकि यहां निवेश और रोजगार की संभावनाएं और बढ़ सकें।
लखनऊ में लुलु मॉल का शुभारंभ अप्रैल में
यूसुफ अली ने मुख्यमंत्री को बताया कि लखनऊ में शहीद पथ के किनारे बनाया जा रहा शॉपिंग मॉल भी लगभग तैयार है। अप्रैल में इसका लोकार्पण किया जाएगा। दो हजार करोड़ रुपये की लागत से 11 एकड़ में बन रहे इस हाइपर मार्केट मॉल में 220 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ब्रांड, विश्वस्तरीय परिवार मनोरंजन केंद्र, 3000 लोगों की क्षमता वाले फूड कोर्ट और वैश्विक व्यंजन पेश करने वाले रेस्तरां होंगे। 11 स्क्रीन पीवीआर सिनेमा सहित कुल तीन हजार गाड़ियों की पार्किंग क्षमता होगी। यहां से 5000 युवाओं को सीधे रोजगार मिलेगा और 10 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।