बैठक में नंदी ने कहा कि नोएडा एयरपोर्ट से पहली उड़ान 30 सितंबर 2024 से पहले भरी जानी है। अगर एयरपोर्ट के निर्माण और संचालन में देरी हुई तो 10 लाख रुपये प्रतिदिन का जुर्माना लगाया जाएगा। एयरपोर्ट का निर्माण स्वीटजरलैंड की ज्यूरिख कंपनी की भारतीय कंपनी यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड कर रही है।
सात हजार किसानों में बंटेगा 550 करोड़ का मुआवजा
यीडा के अधिकारियों का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश से लगभग 7000 किसानों को लाभ होगा। किसानों को लगभग 550 करोड़ का मुआवजा वितरित किया जाएगा। वहीं लगभग 11000 प्लॉटों के आवंटियों को भी जल्द कब्जा मिलेगा।
दागी अफसर खुद को साबित कर लेते हैं दोष मुक्त
नंदी ने कहा कि दागी अफसर जिनके खिलाफ केस दर्ज होते हैं वे नौकरी करते-करते खुद को दोष मुक्त साबित कर लेते हैं। 50 वर्ष से अधिक आयु वाले ऐसे अफसरों को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति दी जाएगी।
हर माह तीनों प्राधिकरण में करेंगे बैठक
नंदी ने कहा कि वह तीनों प्राधिकरणों में हर माह बैठक करेंगे। इसके लिए वह कोई भी एक दिन निश्चित करेंगे, ताकि लोगों की समस्याएं सुनकर बाधाओं को दूर किया जा सके। बैठक में सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह, एसीईओ मोनिका रानी, रवींद्र सिंह, ओएसडी शैलेंद्र सिंह, ओएसडी महराम सिंह, जीएम केके सिंह, डीजीएम एके सिंह आदि मौजूद रहे।
सीईओ ने नंदी को बताया कि 1070 केस जीते हैं, जबकि 66 के हारे हैं और इसमें से 52 में फिर से याचिका डाली गई है। बिल्डरों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। 12 बिल्डरों के भूखंड आवंटन रद्द किए गए हैं। छह बिल्डरों के केस कोर्ट में चल रहे हैं और 6 परियोजनाओं का काम चल रहा है। आईजीआरएस में कोई केस लंबित नहीं है, जबकि निवेश मित्र में 3 मामले हैं। प्राधिकरण में 198 पद स्वीकृत हैं। इसमें से 146 खाली हैं।
11.41 लाख वर्गमीटर जमीन से हटाया अतिक्रमण, 42 केस दर्ज
नंदी ने यीडा के अधिकारियों से कहा कि अतिक्रमण सख्ती से हटाया जाए। इस मामले में किसी तरह की ढील ना दी जाए और अतिक्रमण करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। इस पर सीईओ ने बताया कि यमुना प्राधिकरण ने कुछ दिनों में 11.41 लाख वर्गमीटर जमीन से अतिक्रमण हटाकर 42 केस दर्ज किए हैं।
फ्रेट कॉरिडोर पर दौड़ेगी डबल डेकर मालगाड़ी
ग्रेनो प्राधिकरण में परियोजनाओं के प्रस्तुतिकरण के दौरान सीईओ ने मंत्री के समक्ष दिल्ली से मुंबई व दिल्ली से कोलकाता के बीच फ्रेट कॉरिडोर पर भी रिपोर्ट प्रस्तुत की। सीईओ ने मंत्री को बताया कि दिल्ली से कोलकाता डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर डबल डेकर मालगाड़ी ट्रेनें दौड़ेंगी। इसके अलावा सीईओ ने आईआईटीजीएनएल की इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप को और सुरक्षित बनाने के लिए जल्द ही ई-सर्विलांस सिस्टम अपनाने की बात कही।