फिरोजपुर झिरका। नशे के खिलाफ जिला पुलिस कप्तान द्वारा चलाएं जा रहे विशेष अभियान के तहत अपराध जांच शाखा तावडू एवं एंटी नारकोटिक्स सेल तावडू की टीम ने साकरस गांव के पास एक कुएं के अंदर छुपाए हुए 10 कट्टों में 3.13 क्विंटल गांजा बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। गिरफ्तार किए आरोपियों की पहचान अंसार निवासी गांव गोलपुरी थाना सदर नूंह तथा मोरमल निवासी गांव खिल्लुका थाना पहाड़ी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों तस्करों से एक कंटेनर गाड़ी व गांजा पत्ती को बरामद कर थाना फिरोजपुर झिरका में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
अपराध जांच शाखा एवं एंटी नारकोटिक्स सेल तावडू प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र सिद्धू ने बताया मुखबिर खास की पुलिस को सूचना मिली कि अंसार व मोरमल एक राजस्थान नम्बर कंटेनर में गांजा सप्लाई करने का धंधा करते है। सूचना के आधार पर सहायक उप-निरीक्षक भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा नूंह-सोहना रोड पर अनाजमंडी गेट के पास नाकाबंदी की गई तथा फिरोजपुर झिरका की तरफ से आ रहे एक राजस्थान नम्बर कंटेनर को रूकने का इशारा किया गया। तलाशी के दौरान कंटेनर के अंदर करीब 200 कट्टों में काली राख भरी हुई मिली। दोनों आरोपियों अंसार व मोरमल से गहनता से पूछताछ की गई। आरोपियों ने बताया कि पुलिस के डर से साकरस गांव के पास एक गहरे कुएं में गांजा छुपाया गया है। जांच अधिकारी ने बताया कि ड्यूटी मजिस्ट्रेट की अगुवाई में दोनों आरोपियों को साथ लेकर पुलिस टीम साकरस गांव पहुंची और कुएं के अंदर से 10 कट्टों से 3.13 क्विंटल गांजा बरामद किया।