रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप के शास्त्री नगर में दो युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया और इसके बाद एक पक्ष ने दो राउंड हवाई फायरिंग की। इससे क्षेत्र में खलबली मच गई। सूचना पर पुलिस पहुंची लेकिन इसके पहले आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने मौके से एक खोखा कारतूस भी बरामद किया है।
शनिवार की देर रात ट्रांजिट कैंप के शास्त्री नगर में दो युवकों के बीच किसी बात को लेकर तू-तू, मैं-मैं हो गई। इस घटना का एक पक्ष का युवक वीडियो बना रहा था। तभी दूसरे पक्ष के करीब 12 साथी आ गए और उनमें मारपीट हो गई। इस पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माने।
बताया जा रहा है कि इसी बीच एक पक्ष के युवक ने तमंचे से दो राउंड फायरिंग कर दी। इससे वहां अफरातफरी मच गई। इस पर किसी ने सूचना पुलिस को दी। जब तक पुलिस पहुंचती तब तक आरोपित फरार हो चुके थे। पुलिस को मौके से एक खाली कारतूस भी मिला और एक गोली के निशान दरवाजे पर भी मिले।
रविवार को मारपीट और फायरिंग की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जिसमें कुछ युवक आपस में मारपीट और कुछ बीच बचाव कर रहे हैं। इसी बीच फायरिंग की भी आवाज वीडियो में सुनाई दे रही है।
-
देर रात पुलिस को घटना की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। इस मामले की जांच की जा रही है। कारण सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी। - प्रशांत कुमार, सीओ