पिसावां। मिश्रिख मार्ग पर गुरसंडा चौराहे के पास शुक्रवार देर रात दो राहगीर अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। वाहन दोनों को टक्कर मारते हुए निकल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस वाहन की तलाश कर रही है।
अमजदपुर निवासी चंद्रपाल ने बताया कि उनके भाई रामकिशोर (40) शुक्रवार देर रात गुरसंडा चौराहे पर दूध बेचने गए थे। गांव के ही विजय कुमार (35) के साथ ही वह पैदल घर लौट रहे थे। तभी रामलोटन गुप्ता के घर के सामने एक तेज रफ्तार वाहन ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया।
ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पिसावां पहुंचाया गया। यहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर किया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने रामकिशोर को मृत घोषित कर दिया। विजय की हालत नाजुक बनी है। थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि तहरीर के आधार पर वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है।