ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित डेल्टा-3 सेक्टर की सर्विस रोड से आठ मार्च को छात्र वैभव मिश्रा को अगवा कर स्कॉर्पियो लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बदमाशों ने छात्र को अगवा करने के बाद हरियाणा के फरीदाबाद जिले की सीमा में छांयसा में फेंक दिया था। पुलिस ने इस मामले में गज्जू गैंग के दो सदस्यों हरियाणा के पलवल निवासी गजेंद्र उर्फ गज्जू व मुकेश उर्फ मुक्की को गिरफ्तार किया है। जबकि गिरोह के चार सदस्य बुलंदशहर निवासी जसविंदर उर्फ कन्नू, हरियाणा के तावडू निवासी सचिन पांचाल, पलवल के शेखर और मनीष शर्मा को पुलिस तलाश रही है। बदमाशों से लूटी गई स्कॉर्पियो, कार व दो तमंचे बरामद किए हैं। पुलिस आयुक्त आलोक सिंह ने खुलासा करने वाली टीम को 50 हजार इनाम की घोषणा की है।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा हरीश चंदर और एसीपी पीपी सिंह ने बताया कि आठ मार्च को डेल्टा-3 सर्विस रोड से गुजर रहे एक छात्र की स्कॉर्पियो को कार सवार बदमाशों ने रुकवा लिया था। बदमाश हथियार के बल पर छात्र को अगवा कर हरियाणा सीमा में छांयसा तक ले गए और उसे वहीं छोड़कर स्कॉॅर्पियो लूटकर फरार हो गए थे। छात्र पहले हरियाणा पुलिस के पास रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचा था। कुछ लोगों की सूचना पर पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वह फरार हो गए थे। इस मामले में सूरजपुर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की गई। कोतवाली प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह की टीम ने वारदात का खुलासा करने के बाद बताया कि आरोपियों से बरामद कार जनवरी में तावडू से लूटी थी। गिरोह में शामिल चार अन्य बदमाश सचिन पांचाल, शेखर, मनीष निवासी हरियाणा व जसविंदर निवासी बुलंदशहर अभी फरार हैं।
वाई-फाई से कनेक्ट कर एप से करते थे बातचीत
आरोपी अपने पास वाईफाई कनेक्ट करने के लिए इंटरनेट डोंगल रखते थे। इसके बाद एक दूसरे से साधारण कॉल से वार्तालाप नहीं करते थे। बल्कि सिग्नल एप का इस्तेमाल कर इंटरनेट कॉलिंग के जरिए बातचीत करते थे, ताकि पकड़े नहीं जाएं।