Two kutcha houses fell due to rain in Jaitaka, many cracks
नगीना। जैताका गांव में बारिश से दो कच्चे घर गिर गए। इसके अलावा कई मकानों में दरारें आ गई हैं। गनीमत रही कि जिस वक्त मकान गिरे, तब कोई इनके अंदर नहीं था। इससे बड़ा हादसा टल गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पानी की निकासी करवाने की मांग की है।
जैताका गांव के नंबरदार रशीद, मास्टर इकबाल खान, पूर्व पंच नईम खान ने बताया कि बारिश के कारण शब्बीर और यूनुस के मकान गिर गए हैं। जबकि अशरफ, ऐमना और साबिर आदि लोगों के मकानों में दरारें आई हैं। अभी भी बारिश का पानी मकानों के अंदर भरा हुआ है। लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मकानों और आसपास भरे पानी को पंप के माध्यम से निकलवाया जाए। वहीं, जिन मकानों में नुकसान हुआ है उसकी भरपाई के लिए गिरदावरी कराई जाए। नगीना के उप तहसीलदार पवन बत्रा ने बताया कि गिरे हुए मकानों का निरीक्षण किया जाएगा।पटवारी से गिरदावरी कराकर रिपोर्ट सरकार को भेजी जाएगी।