Two killed in road accidents, a young man crushed by a roller
तावड़ू। क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में शुक्रवार देर रात को दो युवकों की मौत हो गई। एक युवक को रोलर से कुचलने का मामला सामने आया है। मृतकों की पहचान पलवल जिले के गांव फुलवारी निवासी सतपाल और तावडू के वार्ड नं-7 निवासी विकास के रूप में हुई। इन मामलों में पुलिस ने अज्ञात चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पलवल जिले के गांव फुलवारी निवासी तिरखा राम ने बताया कि शुक्रवार देर रात उन्हें सूचना मिली कि उसका
पुत्र सतपाल बाइक पर सवार होकर गोयला से अपने घर आ रहा था। तभी केएमपी एक्सप्रेसवे पर धुलावत टोल प्लाजा के नजदीक रोलर ने उसे कुचल दिया। सतपाल की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात रोलर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, दूसरे मामले में खोरी चौकी के देवी सिंह एसआई ने बताया कि शुक्रवार रात को गश्त के दौरान जब पुलिस चुंधिका मोड़ पर मौजूद थी, तभी उन्हें गांव निजामपुर में नदी के नजदीक एक दुर्घटना होने की सूचना मिली। वह मौके पर पहुंचे तो किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से सड़क पर एक व्यक्ति मृत मिला। मृतक की पहचान विकास निवासी वार्ड नंबर-7 तावडू के रूप में हुई। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।