हरौला की घटना, सोते वक्त परिवार पर किया था हमला, आरोपी के पैर में लगी गोली
महिला की मौत हो चुकी है, घायल युवती और पिता की हालत गंभीर
कभी सुरेंद्र का पड़ोसी था हमलावर हरनाम, उनकी बेटी से शादी करना चाहता था
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-5 हरौला में शनिवार की रात सोए हुए परिवार पर छुरे से हमला करने वाले बरेली निवासी आरोपी हरनाम को पुलिस ने सोमवार शाम पुलिस मुठभेड़ में पकड़ लिया। आरोपी और पुलिस के बीच सेक्टर-14 के पास शहदरा नाले के किनारे हुई मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम था। घटना के बाद आरोपी स्कूटी से फरार हुआ था। स्कूटी नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल छुरे के साथ तमंचा और कारतूस भी बरामद कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि सोमवार रात को आरोपी के सेक्टर-14 के किनारे आने की सूचना मिली थी। चेकिंग के दौरान आरोपी नहीं रुका पीछा करने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी। जवाब में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी हरनाम पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। साल 2022 में भी थाना फेज-1 पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था।
बता दें कि दो दिन पहले सेक्टर-5 स्थित हरौला में शनिवार रात सोए हुए सुरेंद्र शर्मा के परिवार पर आरोपी ने छुरे से हमला कर दिया था। आरोपी मृतका की बेटी से शादी करना चाहता था लेकिन युवती का परिवार इसके लिए राजी नहीं था। वहीं, हमले में घायल महिला की मौत हो चुकी है। वहीं, बड़ी बेटी और मृतका के पति की हालत गंभीर है। हालांकि उनकी छोटी बेटी को होश आ गया है और वह खतरे से बाहर है। हमले के वक्त सुरेंद्र शर्मा का परिवार बरामदे में सोया था। पीड़ित के अनुसार, हमलावर हरे कुछ समय तक उनका पड़ोसी था और पास में ही एसी रिपेयरिंग की दुकान चलाता था। पुलिस ने बताया कि आरोपी मूल रूप से बरेली का रहने वाला है। वहां भी टीमें दबिश दे रही है। पुलिस ने हरौला में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं।घटना की चश्मदीद सुरेंद्र की छोटी बेटी ने पुलिस को बताया है कि रात करीब एक बजे छत से किसी के आने की आहट सुनाई दी थी, लेकिन परिवार को लगा कि कोई अन्य व्यक्ति होगा।
कुछ ही देर बाद युवक उनके पास पहुंच गया और सबसे पहले पिता पर हमला किया। पति को बचाने के लिए मां संजू देवी और दोनों बहनें सामने आ गईं। आरोपी ने दोनों हाथों से उन पर बड़े छुरे से हमला कर दिया। गर्दन और सीने पर कई वार होने से मां, पिता और बड़ी बहल बेसुध होकर गिर गए थे। वहीं, पुलिस और पड़ोसियों के मुताबिक, आरोपी हरे सुरेंद्र की बड़ी बेटी से शादी करना चाहता था, लेकिन परिवार ने प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। इस वजह से वह पहले भी कई बार हंगामा कर चुका था।
हत्या के बाद राजस्थान भाग गया था आरोपी
पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी शनिवार रात को सुरेंद्र के परिवार पर छुरे से हमला करने के बाद राजस्थान भाग गया था। वहां खाटू श्याम जाने की तैयारी थी लेकिन पुलिस के हत्थे चढ़ने के डर से रिंगस से वापस लौट आया था। इसके बाद छिपने की फिराक में घूम रहा था।
घटना के बाद आरोपी की तलाश में टीमें लगी हुई थी। मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने के बाद आरोपी पकड़ा गया है। पुलिस ने इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया है। सभी तथ्यों पर जांच की जा रही है।- मनीषा सिंह, एडीसीपी, नोएडा।