हेडिंग: फर्जी आधार कार्ड से सिम लेकर बेचने वाले दो युवक गिरफ्तार
गलत कार्यों में लिप्त लोगों को सिम बेचने का अंदेशा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। फर्जी आधार कार्ड बनाकर उससे सिम खरीदने और महंगे दामों में बेचने वाले दो आरोपियों को कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आशंका जताई जा रही है कि गिरफ्तार आरोपी गलत कार्यों में लिप्त बदमाशों को सिम कार्ड बेचते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 21 सिम कार्ड, सात आधार कार्ड, 3 मोबाइल समेत अन्य कागजात बरामद किए हैं। पुलिस की टीम अब यह पता लगा रही है कि आरोपी फ र्जी आधार कार्ड कैसे बनाते थे और किन लोगों को बेचते थे।
कोतवाली सेक्टर-20 के प्रभारी निरीक्षक मुनीश प्रताप सिंह ने बताया कि सोमवार को सेक्टर-8 के पास से मयूर विहार दिल्ली निवासी आदर्श राज और न्यू कोंडली निवासी शाहिद रजा को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी झुग्गी झोपड़ी क्षेत्र में बनी छोटी मोबाइल दुकानों से फर्जी आधार कार्ड के आधार पर सिम खरीदते थे। छोटी दुकानों में आधार कार्ड की सत्यता की जांच ठीक से नहीं होती थी। इस कारण यह लोग आसानी से सिम कार्ड प्राप्त कर लेते थे। एक दुकानदार को इन आरोपियों पर शक हुआ तो उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी और पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास कई दूसरे नाम पर आधार कार्ड की कॉपी मिली है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि आरोपी किसी की फ ोटो लगाकर कलर स्कैन करवाते थे और लेमिनेशन व अन्य तरीके से इसे तैयार कर लेते थे। पुलिस यह पता कर रही है कि फ र्जी तरीके से सिम कार्ड प्राप्त करने के पीछे इनका क्या मकसद था। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी बदमाशों और फ र्जीवाड़ा करने वाले लोगों को महंगे दाम पर सिम कार्ड उपलब्ध कराते थे।