साढ़े 4 साल बाद बैडमिंटन कोर्ट पर फिर शुरू होगा प्रशिक्षण
-ग्रेनो प्राधिकरण ने शुरू की एजेंसी के चयन की प्रक्रिया, निकाली आरएफपी
-शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बंद है एकेडमी, अन्य खेलों की एकेडमी भी होंगी शुरू
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। आखिकार ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में साढ़े चार साल बाद बैडमिंंटन एकेडमी शुरू कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एजेंसी के चयन के लिए आरएफपी निकाला गया है। 5 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। एकेडमी का चयन होने के बाद प्रशिक्षण शुरू होगा। शहर के युवाओं को करीब साढ़े चार वर्ष से बैंडमिंटन का प्रशिक्षण नहीं मिल रहा है। बैडमिंटन के बाद अन्य खेल सुविधाओं को शुरू किया जाएगा।
शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 15 से अधिक खेलों की सुविधा विकसित है, लेकिन प्राधिकरण की अनदेखी के कारण शहर के युवाओं को इनका लाभ नहीं मिल पा रहा है। वर्ष 2019 के बाद से सभी तरह की एकेडमी बंद हैं। अफसरों ने बताया कि जल्द ही बैडमिंटन एकेडमी शुरू होगी।
दिसंबर, 2019 से बंद हैं पुलेला गोपीचंद बैडमिंटन एकेडमी
शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के इंडोर स्टेडियम में पुलेला गोपीचंद बैडमिंटन एकेडमी चलती थी। जो करीब चार साल तक चली। अंतरराष्ट्रीय शटलर पुलेला गोपीचंद भी प्रशिक्षण देने आते हैं, लेकिन दिसंबर, 2019 में करार खत्म होने के बाद एकेडमी को बंद कर दिया गया। उसके बाद कुछ लोगों ने एकेडमी चलाने की कोशिश की, लेकिन तीन से चार माह में ही बंद कर दी। तब से अब तक बैडमिंटन एकेडमी शुरू नहीं हो सकी है। युवाओं को एकेडमी शुरू होने का इंतजार हैं।
स्वीमिंग पूल भी शुरू होने की उम्मीद
प्राधिकरण कॉम्प्लेक्स की अन्य खेल सुविधाओं को भी शुरू करेगा। इनमें स्वीमिंग पूल, जिम और स्क्वैश एकेडमी भी शामिल हैं। स्केटिंग, टेनिस, क्रिकेट समेत खेल भी शुरू होंगे।