अस्पताल के बाथरुम से चोरी टोटी और शॉवर।
नोएडा। सेक्टर-125 में बनाए गए अस्थायी कोरोना अस्पताल से कीमती सामान चोरी होने की जांच अब तक पूरी नहीं हुई है। वहीं अब सेक्टर-39 स्थित कोविड अस्पताल के पांचवें तल पर स्थित प्राइवेट और जनरल वार्ड के बाथरूम से टोटी, पाइप और शॉवर चोरी होने का मामला सामने आया है। हालांकि, अस्पताल प्रशासन ने ऐसी किसी घटना से इंकार किया है। वहीं, सूत्रों के मुताबिक इस मामले की अंदरखाने जांच कराई जा रही है।
करीब 450 करोड़ खर्च कर सेक्टर-39 में जिला अस्पताल की नई बिल्डिंग बनाई गई है। जिला अस्पताल शिफ्ट होने से पहले कोरोना महामारी आ गई। अगस्त 2020 में इसे अस्थायी कोविड अस्पताल बना दिया गया। हालांकि, मौजूदा समय में केवल एक ही मरीज इस अस्पताल में भर्ती है। अस्पताल की निगरानी में सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। इसके बाद भी अस्पताल के कई वार्ड में बाथरूम से टोटी, शॉवर और पाइप चोरी होने की घटना चर्चा का विषय बन गई है। सूत्रों के मुताबिक पांचवें तल पर चोरी का मामला सामने आने के बाद आठ मंजिला बिल्डिंग के अन्य तलों पर भी जांच कराई जा रही है।
अस्पताल के वार्ड में बिस्तरों के नीचे कुछ पाइप व शॉवर रखे पाए गए हैं। वहीं सीएमएस डॉ. सुषमा चंद्रा ने बताया कि ऐसी किसी घटना की जानकारी उन्हें नहीं मिली है। अगर ऐसा हुआ है तो निश्चित तौर पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।