मंदिरों में तैयारियां पूरी, रंग बिरंगी लाइटों व फूल माला से सजे मंदिर
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। आज सावन का पहला सोमवार मनाया जाएगा। शिवालयों में भगवान शिव की विशेष आराधना की जाएगी। मंदिर समितियों के अनुसार श्रद्धालुओं के लिए पूरी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं।
सेक्टर-19 स्थित सनातन धर्म मंदिर की समिति के महासचिव संजय बाली ने बताया कि जब से सावन की शुरुआत हुई है, श्रद्धालुओं की संख्या दोगुना बढ़ गई है। मंदिर परिसर की साफ-सफाई पूरी हो चुकी है। मंदिर परिसर को रंग बिरंगी लाइटों से लेकर पुष्पों की माला से सजा दिया गया है। भगवान शिव पार्वती की स्थापित मूर्ति के लिए विशेष नई पोशाकें तैयार की गई हैं। इसी तरह सेक्टर-2 स्थित लाल मंदिर, सेक्टर-100 स्थित प्राचीन वोडा महादेव मंदिर समेत सेक्टर-31 निठारी, सेक्टर-14ए स्थित शनि मंदिर, सेक्टर-20 स्थित हनुमान मंदिर, सेक्टर-71 सर्फाबाद समेत सेक्टर-63 वाजिदपुर, सेक्टर-168, सेक्टर-159, सेक्टर-44 छलेरा समेत बदौली, होशियारपुर व अन्य स्थानों में मौजूद प्राचीन शिवालयों में भी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु जल अर्पित करने के लिए पहुंचेंगे। ज्योतिषाचार्य कृष्णा स्वामी ने बताया कि सनातन धर्म में माना गया है कि इस श्रावण महीने भगवान विष्णु शयन के लिए जाते हैं। सारा कार्य भगवान शंकर को सौंप दिया जाता है, इसीलिए इस माह को हरिहर मास भी कहा जाता है। इस महीने में आंवले का पत्ता और बेलपत्र भगवान शिव को अर्पित करना चाहिए। मंदिर समितियों ने बताया कि पुलिस प्रशासन ने भी श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए कमर कस ली है।