नोएडा। सेक्टर-117 कम्युनिटी सेंटर
नोएडा। शहर के तीन सेक्टरों में रहने वाले लोगों को जल्द ही सामुदायिक केंद्रों की सौगात मिलेगी। प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि 2 माह ही तीन सेक्टरों में सामुदायिक केंद्रों का शुभारंभ कर दिया जाएगा। इसके अलावा एक अन्य सेक्टर में 4 माह में सामुदायिक केंद्र निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। प्राधिकरण के वर्क सर्कल-6 के मैनेजर मुकेश कुमार वैश्य ने बताया कि सेक्टर-73, 112, 116 और 117 में सामुदायिक केंद्र का निर्माण चल रहा है। सेक्टर-73, 116 और सेक्टर-117 में निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, यहां सिर्फ फिनिशिंग ही बची है। दो माह में यह काम भी पूरा हो जाएगा। सेक्टर-112 में थोड़ा कार्य बचा है। उसे पूरा करने में 4 से 5 माह का समय लग सकता है।
नोएडा। प्राधिकरण के महाप्रबंधक पीके कौशिक सोमवार को शहर की सड़कों के डिवाइडर और ग्रिल पर चल रही रंगाई-पुताई कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ठेकेदारों को निर्देशित किया कि वह पेंट और रंग की गुणवत्ता में कोताही न बरतें। कौशिक ने उद्योग मार्ग, नोएडा स्टेडियम से सेक्टर-12 की तरफ जाने वाली सड़कों के साथ ही कई अन्य स्थानों पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उनके साथ इंजीनियरों की टीम के साथ वर्क सर्कल-1 के प्रभारी डोरीलाल सहित अन्य इंजीनियर भी मौजूद रहे। महाप्रबंधक ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण-2022 को लेकर शहर में कार्य चल रहे हैं। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।