दोपहिया वाहन चुराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन बदमाश गिरफ्तार
17 दोपहिया वाहन जब्त, नए वाहनों को नौ हजार रुपये में बेच देते थे
आरोपी करीब चार साल में 80 से अधिक वाहन चोरी करके बेच चुके
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। स्वाट टीम वन और थाना सेक्टर-142 पुलिस ने संयुक्त अभियान के दौरान वाहन चुराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान हापुड़ के पुरानी चुंगी ईदगाह रोह निवासी नईम उर्फ रहीम, बुलंदशहर के खुर्जा के तरीनान मोहल्ला निवासी इमरान और बदायूं के ओरछी गांव निवासी जुल्फिकार के रूप में हुई है। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने 17 दोपहिया वाहन जब्त किए हैं। इन वाहनों को आरोपी पांच से नौ हजार रुपये बेच देते थे। आरोपियों के खिलाफ दिल्ली, हरियाणा के अलावा गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में वाहन लूट और चोरी के मामले दर्ज हैं। इमरान गिरोह का सरगना है।
एडीसीपी हृदेश कठेरिया ने बताया कि आरोपी करीब चार साल में 80 से अधिक वाहन चोरी करके बेच चुके हैं। गिरोह के बदमाश नए वाहनों को ही चुराते थे और नौ हजार रुपये में बेच देते थे, जबकि दो-तीन साल पुराने वाहनों को चार से पांच हजार रुपये में देते थे। आरोपी वाहनों को चोरी करने और मेरठ ले जाने के दौरान मोबाइल और चेन झपटमारी भी करते थे। पकड़े गए बदमाश कभी दिल्ली तो कभी नोएडा-गाजियाबाद में अलग-अलग जगहों पर कमरा लेकर रहते थे। जुल्फिकार फेरी लगाने के दौरान वाहनों की रेकी करता था। इसके बाद गिरोह के अन्य बदमाश दोपहिया वाहन चुराते थे।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि जब वह वाहन को बेच नहीं पाते थे तो मैकेनिक की दुकान पर पार्ट्स बेच देते थे। न्यू अशोक नगर, दिल्ली में रहने वाला जुल्फिकार नईम और इमरान के साथ मिलकर चोरी करता था। जब आरोपी वाहन चोरी करके मेरठ बेचने के लिए जाते तो वाहन खरीदने वाले हर उन्हें लॉक तोड़ने का हर बार नया उपकरण तोहफे में देते थे। नईम पर हापुड़ में 10 केस, इमरान पर दिल्ली में 10 केस और जुल्फीकार पर सात केस दर्ज हैं। बरामद वाहनों में सबसे अधिक दिल्ली, गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर के हैं।